ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया । जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बेमेतरा पुलिस और खनिज विभाग द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) रामकृष्ण साहू के निर्देशन में जिले के विभिन्न रेत घाटों, खनिज क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी और सघन जांच की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का एवं एसडीओपी बेरला विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस एवं खनिज विभाग की टीम अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हुए है।
अभियान के तहत ग्राम परपोड़ी, जौंग, बहेरघाट एवं मऊ के नदी रेत घाटों सहित जिले के विभिन्न खनिज क्षेत्रों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त फिक्स प्वाइंट ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही नियमित पेट्रोलिंग और सघन जांच अभियान चलाकर अवैध उत्खनन, भंडारण तथा परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा रहा है।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलते ही तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बेमेतरा पुलिस ने आमजन से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस के अनुसार अवैध खनिज उत्खनन अथवा परिवहन से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के साथ-साथ दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस एवं खनिज विभाग का यह संयुक्त अभियान जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



