Home छत्तीसगढ़ नागा बाबा मंदिर के जीर्णोद्धार हेतु भूमि पूजन, बेहतर संचालन पर हुई...

नागा बाबा मंदिर के जीर्णोद्धार हेतु भूमि पूजन, बेहतर संचालन पर हुई चर्चा

15
0

 

ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया। ग्राम वीरेंद्र नगर स्थित प्राचीन नागा बाबा मंदिर परिसर में दंडी स्वामी श्रीमज्ज्योतिर्मयानंद जी महाराज के सानिध्य में मंदिर जीर्णोद्धार एवं विकास कार्य के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। ग्राम पुरोहित पांडे जी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कराया गया। कार्यक्रम में लगभग 30 गांवों के श्रद्धालु एवं ग्रामीणजन शामिल हुए।

भूमि पूजन के उपरांत आयोजित बैठक में मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने, निर्माण कार्य के सुचारू संचालन तथा सहयोग राशि एवं अर्थ संग्रह की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में समिति के सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही मंदिर के बेहतर संचालन एवं विकास को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान कई दानदाताओं ने अपनी संकल्प राशि की घोषणा करते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पुरोहित पांडे, अनिल सिंघानिया एवं तुलाराम साहू ने अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। दंडी स्वामी श्रीमज्ज्योतिर्मयानंद जी महाराज ने अपने उद्बोधन में दान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दान केवल अपनी संपत्ति का हिस्सा साझा करना नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के भीतर छिपे लोभ, स्वार्थ एवं अहंकार को कम करने का एक श्रेष्ठ और निस्वार्थ साधन है।

उन्होंने कहा कि नए मंदिर निर्माण की अपेक्षा पुराने मंदिर के जीर्णोद्धार में दिया गया दान अनेक गुना पुण्यफल प्रदान करता है। इससे मानसिक शांति प्राप्त होती है तथा आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है। महाराज जी ने कहा कि निस्वार्थ भाव से किया गया दान मनुष्य के अहंकार का नाश करता है तथा देवस्थान की भव्यता बढ़ाने के साथ जीवन की दरिद्रता और मानसिक अशांति को भी दूर करता है।

कार्यक्रम में दुकलहा साहू (कोहड़िया), देवाराम कोहड़िया, लेखु पटेल (मोहनपुर), नरोत्तम साहू (सूरजपुरा), तुलाराम साहू (सूरजपुरा), रघुराज सिंह (कोहड़िया), लीलाराम साहू (नवागांव), द्वारका साहू (नवागांव), पीसीलाल साहू, दिनेश पांडे, रोमन साहू, प्रहलाद साहू, रामभोला साहू, दिलेश्वर हिरवानी, ईश्वरी साहू, भीखम निर्मलकर, रामदुलार साहू, शर्माराम धुर्वे, डोरेलाल साहू, मालिक पटेल, संतोष साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here