Home छत्तीसगढ़ बलिदान दिवस पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को किया गया नमन

बलिदान दिवस पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को किया गया नमन

6
0

 

ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा जिला कार्यालय बेमेतरा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी तथा वे इसके प्रथम अध्यक्ष बने। उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पूर्व विधायक अवधेश चंदेल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी को राष्ट्र की अखंडता के लिए संघर्ष करने वाले महान नेता के रूप में सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त प्रहलाद रजक ने भी डॉ. मुखर्जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके द्वारा किए गए राष्ट्रहित के कार्यों को याद किया।

जिला महामंत्री राजेश ठाकुर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर को देश के अन्य राज्यों के समान संवैधानिक ढांचे में लाने की मांग की थी। उन्होंने “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का नारा दिया था। स्वतंत्र भारत की पहली मंत्रिपरिषद में उन्होंने उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here