थानखम्हरिया । पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) रामकृष्ण साहू (आईपीएस) के निर्देशन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव ने रात्रि के समय थाना खम्हरिया एवं साजा का आकस्मिक निरीक्षण कर थाना कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना अभिलेखों, अपराध पंजी, लंबित प्रकरणों एवं कानून-व्यवस्था संबंधी कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा लंबित मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एएसपी हरीश यादव ने चोरी के मामलों में आरोपियों एवं माल मशरूका की शीघ्र पतासाजी करने पर जोर दिया। साथ ही लड़ाई-झगड़ा, मारपीट एवं अन्य पंजीबद्ध मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने थाना स्टाफ को अपराधों की रोकथाम, नियमित गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी तथा आमजन की शिकायतों पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

एएसपी ने अधिकारियों एवं जवानों को मजबूत सूचना तंत्र विकसित कर बेहतर पुलिसिंग करने, अधिकारी-कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। चोरी एवं अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग एवं कॉम्बिंग गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान होटल, लॉज, ढाबा, एटीएम, बैंक, बस स्टैंड, प्रतीक्षालय एवं संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच करने तथा गली-मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने पर विशेष जोर दिया गया।
एएसपी यादव ने विजिबल पुलिसिंग और चेकिंग अभियान को और अधिक सक्रिय करने की बात कही। उन्होंने अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीली दवाओं एवं अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “हमर पुलिस हमर बजार” एवं “हमर पुलिस हमर गांव” अभियान के माध्यम से हाट-बाजारों और गांवों में जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा महिला एवं अन्य आगंतुकों से संयमित व्यवहार करने, उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेकर तत्काल उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने पर बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता एवं अनुशासन के साथ करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी खम्हरिया निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा, थाना प्रभारी साजा निरीक्षक रोशन लाल टोन्डे, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सुरेश चौहान सहित थाना खम्हरिया एवं साजा का समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।


