Home छत्तीसगढ़ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया संत कबीर दास प्राकट्य...

श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया संत कबीर दास प्राकट्य उत्सव

10
0

 

ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया । नगर के तहसील कार्यालय परिसर में सोमवार को कबीर पंथ के अनुयायियों द्वारा संत कबीर दास प्राकट्य उत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह से देर शाम तक गुरु महिमा पाठ, सत्संग, भजन-कीर्तन एवं प्रवचन का आयोजन हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु महिमा पाठ के साथ हुआ। इसके पश्चात ध्वज-निशान चढ़ाया गया तथा संत कबीर साहेब के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजा-अर्चना कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, राम सेवा सत्संग मानस समिति के संयोजक अनिल सिंघानिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजकों ने अतिथियों का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया।

अपने उद्बोधन में पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी ने कहा कि संत कबीर दास ने समाज में व्याप्त जात-पात, अंधविश्वास, पाखंड और कुरीतियों के विरुद्ध अपनी वाणी से जनजागरण किया। उन्होंने मानवता, समानता और सच्ची भक्ति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं रामकथा एवं श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करते हैं, लेकिन कबीर साहेब के दोहे और विचारों के बिना उनकी कथा पूर्ण नहीं होती। आज भी कबीर के दोहे समाज को सत्य, सदाचार और समरसता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

राम सेवा सत्संग मानस समिति के संयोजक अनिल सिंघानिया ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता, आध्यात्मिक जागरूकता और मानवता के मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि संत कबीर दास की जयंती केवल एक पर्व नहीं, बल्कि समाज की सोच बदलने का अवसर है। कबीर साहेब ने धर्म, जाति और कर्मकांड की संकीर्ण दीवारों को तोड़ते हुए मानवता को सर्वोपरि बताया। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। आयोजन को सफल बनाने में सनत रजक, युवा प्रतिनिधि कबीर पंथ, कमलेश निर्मलकर, जितेंद्र मानिकपुरी, पूर्णिमा पटेल, लोचन मानिकपुरी, राधेश्याम निर्मलकर, सूरज मानिकपुरी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सेवा भाव से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर पंडित दिनेश तिवारी, ओमपाल ऋषि तिवारी, भैयाराम लहरे, पार्षदगण सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here