महासमुंद । एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन द्वारा संचालित WEC महासमुंद के ग्राम पटेवा स्थित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का आज ग्रामोत्थान की प्रभारी समितियों द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की प्रगति एवं केंद्र की व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर श्री नारायण भूषणिया जी (WEC महासमुंद प्रभारी), श्री संजीव पोद्दार जी (EOW जगदलपुर प्रभारी), डॉ. अनिता आचार्य जी (WEC चरामा प्रभारी) एवं श्री सोमनाथ सिन्हा जी (समिति सदस्य) उपस्थित रहे।
सर्वप्रथम प्रभारी समितियों का परिचय हुआ, जिसके पश्चात प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बहनों ने अपना-अपना परिचय एवं अनुभव बताया । प्रभारी समितियों ने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए फ्रॉक, पजामा एवं अन्य परिधानों की सिलाई का बारीकी से निरीक्षण किया तथा उनके कार्य की सराहना की।
इस अवसर पर सभी प्रशिक्षणार्थियों को राम नाम लेखन पुस्तिका एवं सिद्ध पॉकेट हनुमान चालीसा का वितरण किया गया।
बैठक के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को कपड़े के थैले (बैग) बनाने का कार्य भी सौंपा गया। निर्णय लिया गया कि तैयार थैलों का अधिक मात्रा में निर्माण कर उनका निःशुल्क वितरण किया जाएगा, जिससे प्लास्टिक मुक्त अभियान को बढ़ावा मिल सके।
इसके साथ ही महिलाओं को सिलाई प्रशिक्षण के अतिरिक्त इलेक्ट्रीशियन, प्लंबिंग, केक मेकिंग एवं ब्यूटी पार्लर जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव को हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक सुधार एवं विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर हिम्मन कुमार साहू (एकल ग्रामोत्थान प्रमुख, दंडकारण्य भाग, छत्तीसगढ़), ओमकार साहू (एकल ग्रामोत्थान प्रमुख, मध्य भाग, छत्तीसगढ़), मोहन लाल बघेल (मोबिलाइज़र) एवं प्रेमलता जांगड़े (ट्रेनर) सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रभारी समितियों ने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम है तथा इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम समाज में आत्मनिर्भरता की नई दिशा प्रदान करेंगे।
विद्यालय ग्राम पतईमाता का भी किया गया निरीक्षण
सिलाई प्रशिक्षण केंद्र के निरीक्षण उपरांत फाउंडेशन की प्रभारी समितियों ने पटेवा संच के विद्यालय ग्राम पतईमाता का भी भ्रमण किया। इस दौरान विद्यालय की शैक्षणिक एवं संस्कारगत गतिविधियों का अवलोकन कर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की गई।
निरीक्षण के अवसर पर श्री संतोष ध्रुव जी (संस्कार शिक्षा प्रमुख), श्रीमती उत्तरा ध्रुव जी (SSP दीदी), श्रीमती सरोज सहीस जी (महिला समिति प्रमुख), श्रीमती जगबाई ध्रुव जी (महिला समिति अध्यक्ष), श्रीमती भोजबाई ध्रुव जी (महिला समिति उपाध्यक्ष), श्री कन्हैया साहू जी (तुमगांव संच प्रमुख), आचार्या सुश्री नोमिका ध्रुव जी सहित ग्राम समिति के पदाधिकारी एवं विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
प्रभारी समितियों ने विद्यालय की गतिविधियों की सराहना करते हुए बच्चों को नियमित अध्ययन, संस्कारयुक्त जीवन, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
साथ ही ग्राम समिति एवं महिला समिति के सदस्यों के साथ विद्यालय के सतत विकास एवं गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई।