परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। समीपस्थ ग्राम कोपेडबरी निवासी मनोहर साहू (41 वर्ष) पर हुए जानलेवा हमले को लेकर परिजनों एवं ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
गौरतलब है कि 1 और 2 जुलाई की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपियों ने घर में सो रहे मनोहर साहू पर लोहे की रॉड, हॉकी स्टिक अथवा किसी अन्य कठोर वस्तु से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर कई गंभीर चोटें आईं तथा हाथ के पंजे की नस भी कट गई। गंभीर रूप से घायल मनोहर साहू को उपचार के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। चोटों के कारण वे बातचीत करने की स्थिति में नहीं हैं।
घटना के संबंध में पीड़ित के भाई मालिक राम साहू की रिपोर्ट पर थाना थानखम्हरिया में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उन्हें कठोर दंड दिया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
थाना प्रभारी ओंकार साहू ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की सहायता ली गई है। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस घटना के हर पहलू और संभावित एंगल की सूक्ष्मता से जांच कर रही है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों का कहना है कि अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी से ही लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम होगा।




