Home छत्तीसगढ़ छुरा मार्ग में फिर मौत का तांडव: दो दिन में दूसरी जान...

छुरा मार्ग में फिर मौत का तांडव: दो दिन में दूसरी जान गई, बस की चपेट में आई महिला की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों में उबाल

16
0

..नरेन्द्र कुमार सेन 

गरियाबंद। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को गरियाबंद-छुरा मार्ग पर ग्राम परसुली के पास हुए भीषण सड़क हादसे में बस की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पुरुष घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बागबाहरा क्षेत्र के भीखापाली निवासी महिला और एक पुरुष मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गरियाबंद से खड़मा की ओर जा रही मां ट्रेवल्स की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घायल पुरुष को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही गरियाबंद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

दो दिन में दूसरी मौत, ग्रामीणों में भारी नाराजगी

स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी स्थान के आसपास दो दिन पहले भी कार की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। लगातार दूसरी जान जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर कोई नियंत्रण नहीं है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं किए गए हैं।

प्रशासन से उठी सुरक्षा उपायों की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटनास्थल पर तत्काल स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, नियमित पुलिस निगरानी तथा अन्य सड़क सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here