ब्यूरो चीफ: अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। नगर पंचायत थानखम्हरिया के सभागार में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों एवं एल्डरमैनों द्वारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं अखंड भारत के प्रबल समर्थक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र निर्माण, शिक्षा एवं अखंड भारत के प्रति उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता चंदन अग्रवाल ने की। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि मानते हुए अपना संपूर्ण जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उनके आदर्श आज भी प्रत्येक भारतीय को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी ने डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें दूरदर्शी शिक्षाविद्, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक तथा भारत की एकता एवं अखंडता के सशक्त प्रहरी बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
एल्डरमैन अनिल सिंघानिया ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र सेवा एवं समाज कल्याण के प्रति पूर्णतः समर्पित था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके विचारों को आत्मसात कर जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा उनके सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला महामंत्री राजेश ठाकुर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन देशभक्ति, त्याग और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है तथा सभी को समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष राजेश सिंघानिया एवं विधायक प्रतिनिधि चंदन अग्रवाल ने कहा कि “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” केवल एक उद्घोष नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति डॉ. मुखर्जी के अटूट संकल्प का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हित के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान प्रत्येक भारतीय को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उनके आदर्शों पर चलकर हम सभी एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए संकल्पित रहें।
मंडल महामंत्री घनश्याम राजपूत ने कहा कि देश की एकता, अखंडता एवं सांस्कृतिक चेतना के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का त्याग और समर्पण सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन घनश्याम सिंह राजपूत ने तथा आभार प्रदर्शन चंद्रशेखर राजपूत ने किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष केशल पटेल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष शरद कुम्भकार, टिकम अग्रवाल, मनीष रात्रे, पुरुषोत्तम सिंघानिया, पार्षद ऋषि तिवारी, सूरजपाल, एल्डरमैन अनिल सिंघानिया, रोहित राजपूत, बलराम निषाद, मुन्ना सिंघानिया, विनोद यादव,मनीष सेन, रेखा शर्मा, घसिया निषाद, रामसनेही नामदेव,रामदुलार पाल, सन्तोष साहू,सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




