ब्यूरो चीफ: अनिल सिंघानिया
थान खमरिया, । बेमेतरा जिले के थाना परपोड़ी पुलिस ने अपने नाना-नानी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी ने खर्चे के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद के बाद लोहे के तवे से दोनों के सिर पर प्राणघातक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 06 जुलाई 2026 को प्रार्थी धनीराम मारकण्डे (33 वर्ष), निवासी गाड़ाडीह, थाना परपोड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसी रात करीब 8 बजे उसका भांजा अनिल बारले शराब के नशे में घर पहुंचा और विवाद के दौरान अपने नाना तुलसीराम मारकण्डे एवं नानी शांती बाई मारकण्डे पर हत्या की नीयत से लोहे के तवे से हमला कर दिया। हमले में शांती बाई के सिर पर गंभीर चोट लगी और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल परपोड़ी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की तथा वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन के लिए एसएफएल (फॉरेंसिक) टीम का भी सहयोग लिया।
घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दिए जाने पर पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) रामकृष्ण साहू (आईपीएस) के निर्देश पर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव एवं एसडीओपी विनय कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी अनिल बारले (26 वर्ष), पिता रामनारायण बारले, निवासी गाड़ाडीह, थाना परपोड़ी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि खर्चे के लिए पैसे मांगने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद उसने घर में रखे लोहे के तवे से अपने नाना और नानी के सिर पर हमला किया।
पुलिस ने आरोपी को 07 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश उपाध्याय, सहायक उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम कुलार्य, प्रधान आरक्षक येमन बघेल, आरक्षक रमेश चंद्रवंशी, आरक्षक शिव यादव सहित थाना परपोड़ी के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




