ब्यूरो चीफ: अनिल सिंघानिया
थान खमरिया। छत्तीसगढ़ में पहली बार भिलाई के जयंती स्टेडियम में VRM क्लब के तत्वावधान में दो दिवसीय माउंटेन बाइक (MTB) फ्रीस्टाइल चैंपियनशिप का भव्य एवं रोमांचक आयोजन किया गया। भारी बारिश के बावजूद प्रतियोगिता का फाइनल सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के 22 राज्यों से आए 58 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
प्रतियोगिता के प्रारंभिक राउंड के बाद 10 खिलाड़ियों ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। फाइनल मुकाबले में सभी खिलाड़ियों ने बेहतरीन कौशल, संतुलन और रोमांचक प्रदर्शन का परिचय दिया। प्रतियोगिता में पहली बार हिस्सा लेने वाले भिलाई के प्रेरक कांत वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्रीनगर (कश्मीर) के मोहम्मद फरहान द्वितीय तथा पटना (बिहार) के मोहम्मद दिलशाद तृतीय स्थान पर रहे।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, सुधीर बंसल, विष्णु पाठक, पप्पू चंद्राकर, पार्षद धर्मेंद्र भगत, अर्जुन अवॉर्ड विजेता राजेंद्र प्रसाद, बीएसपी के परमिंदर सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। आयोजन समिति के मुकेश सिंह, अभिषेक सिंह एवं अमन ठाकुर ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि भिलाई में पहली बार इस स्तर की MTB फ्रीस्टाइल चैंपियनशिप का आयोजन होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने VRM क्लब एवं आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि तेज बारिश के बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह, साहस और आत्मविश्वास कम नहीं हुआ। सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि देश के 22 राज्यों से आए खिलाड़ियों का भिलाई की धरती पर स्वागत करना गर्व का विषय है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करते हैं तथा छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सांसद ने आयोजन समिति के सदस्य मुकेश सिंह एवं अभिषेक सिंह की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिल रहा है और भिलाई राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है।
सांसद विजय बघेल ने अपने खेल जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि वे स्वयं कबड्डी के खिलाड़ी और चैंपियन रह चुके हैं, इसलिए खिलाड़ियों के समर्पण, अनुशासन और संघर्ष को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करना ही एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान है।




