ब्यूरो चीफ: अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया, । कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित मैराथन समीक्षा बैठक में उन्होंने विभागवार निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की बारीकी से जानकारी ली।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जल संसाधन विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सेतु निगम, हाउसिंग बोर्ड, नगर निगम सहित अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े विभागों के कार्यपालन अभियंता एवं अनुबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समय-सीमा और गुणवत्ता से समझौता नहीं
कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने कहा कि शासन द्वारा स्वीकृत सभी विकास कार्य प्राथमिकता के हैं और इन्हें निर्धारित समय-सीमा में तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब एवं गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता के धन का सदुपयोग सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विभागवार कार्यों की हुई समीक्षा
बैठक में प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्कूल भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, सड़क, पुल-पुलिया, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केंद्र तथा अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। जिन कार्यों की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई, उन पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्यों में सामग्री की गुणवत्ता को लेकर किसी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कार्यपालन अभियंताओं को नियमित निरीक्षण करने तथा थर्ड पार्टी गुणवत्ता परीक्षण अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी निर्माण कार्य में निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग या स्वीकृत प्राक्कलन से विचलन पाया गया तो संबंधित ठेकेदार के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारी के विरुद्ध भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि गुणवत्ता प्रमाणन के बाद ही निर्माण कार्यों का भुगतान किया जाए।
लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश
कलेक्टर ने पिछले वित्तीय वर्ष के लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। मानसून को देखते हुए सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों में विशेष तेजी लाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि आवागमन किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होना चाहिए। साथ ही सभी एजेंसियों को निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा श्रमिकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागों को प्रत्येक सप्ताह निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट फोटोग्राफ सहित जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक 15 दिन में निर्माण कार्यों की समीक्षा करेगा तथा लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के विरुद्ध नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री प्रेमलता पद्माकर सहित विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।




