जिला पंचायत सीईओ ने हितग्राहियों से किया संवाद, निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया, । प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत लंबित आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के उद्देश्य से जनपद पंचायत बेमेतरा के ग्राम पंचायत मोहरेंगा में आवास चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में हितग्राहियों से सीधे संवाद कर आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई तथा निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
आवास चौपाल में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बेमेतरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, तकनीकी सहायक तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राही एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। इस दौरान ग्राम पंचायत में स्वीकृत एवं लंबित आवासों की सूची के आधार पर प्रत्येक हितग्राही के निर्माण कार्य की स्थिति की समीक्षा की गई।

जिन हितग्राहियों को प्रथम अथवा द्वितीय किश्त प्राप्त होने के बाद भी निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया था अथवा आवास अधूरे थे, उनसे व्यक्तिगत चर्चा कर समस्याओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने आवश्यक सहयोग का आश्वासन देते हुए निर्माण कार्य तत्काल शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने हितग्राहियों से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्राप्त राशि का पारदर्शी एवं उचित उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने का आग्रह किया। साथ ही निर्माण कार्य में तेजी लाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
चौपाल के दौरान जल संरक्षण का संदेश देते हुए प्रत्येक प्रधानमंत्री आवास में रेनवाटर हार्वेस्टिंग के लिए सोख्ता गड्ढा बनाने की अपील की गई, ताकि वर्षा जल का संरक्षण हो सके और भू-जल स्तर में वृद्धि हो।
कार्यक्रम के बाद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ग्राम पंचायत में निर्मित एवं निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। इसके अलावा वी.बी.जी.एस.वाई. अंतर्गत निर्मित तालाब एवं आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का उद्देश्य प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को सुरक्षित एवं सम्मानजनक पक्का आवास उपलब्ध कराना है। इसके लिए जिला प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग, आवास चौपाल और हितग्राहियों से संवाद के माध्यम से लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के प्रयास कर रहा है।




