ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया।
नगर के जगन्नाथ मंदिर एवं राधा-कृष्ण जमात मंदिर से गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। सुसज्जित रथ पर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा विराजमान थे। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान स्वयं अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए नगर भ्रमण पर निकलते हैं।
रथयात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर दाऊ चौरा, नूरानी चौक, ब्राह्मणपारा, भाटापारा, गोल बाजार, जयस्तंभ चौक, भारत माता चौक, वार्ड क्रमांक 3, बस स्टैंड तथा भैयाजी के घर होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी, पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया तथा जय जगन्नाथ के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।

रथयात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। धार्मिक मान्यता है कि भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचने से पुण्य की प्राप्ति होती है, इसलिए श्रद्धालुओं में रथ खींचने का विशेष उत्साह देखने को मिला।
रथयात्रा अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए पुनः मंदिर पहुंची, जहां महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास के बीच निकली यह भव्य रथयात्रा नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रही।




