ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया |
जिले के पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल (आईपीएस) के निर्देशन में जिलेभर में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जागरूकता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव सहित पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, साइबर अपराध, नशा मुक्ति एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसी कड़ी में 16 जुलाई को थाना बेरला क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कुसमी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राजकुमार साहू एवं प्रशिक्षु उपनिरीक्षक गीतांजलि सहित पुलिस टीम ने विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में “अभिव्यक्ति” महिला सुरक्षा अभियान के तहत महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को “अभिव्यक्ति” महिला सुरक्षा ऐप, चाइल्ड हेल्पलाइन, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों, लैंगिक शोषण से बचाव तथा साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी दी। साथ ही विपरीत परिस्थितियों में साहसपूर्वक पुलिस से संपर्क करने और आत्मरक्षा के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में नशा मुक्ति पर विशेष जोर देते हुए विद्यार्थियों को नशे और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। उन्हें नशा न करने का संकल्प दिलाया गया तथा बिना लाइसेंस वाहन नहीं चलाने, हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की सीख दी गई।
साइबर सुरक्षा के संबंध में पुलिस ने विद्यार्थियों को किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी अथवा व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने जागरूकता अभियान में सहभागिता निभाई और पुलिस द्वारा दी गई जानकारियों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।




