माना एयरपोर्ट पर शुभचिंतकों ने दी आत्मीय एवं गरिमामयी विदाई
ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया।
दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में विदेश यात्रा पर रवाना हुए। रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद (माना) एयरपोर्ट पर उन्हें शुभचिंतकों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय एवं गरिमामयी विदाई दी गई।

इस अवसर पर हितेंद्र तना, नासिर भाई, रामकुमार धनकर, बलदाऊ वर्मा, संतोष देवांगन एवं सोहन साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने सांसद श्री विजय बघेल को सफल, सुरक्षित एवं गौरवपूर्ण विदेश यात्रा के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
जानकारी के अनुसार महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 19 से 25 जुलाई तक भारत के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया एवं रोमानिया की राजकीय यात्रा पर रहेंगी। इस प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री श्रीमती निमुबेन जयंतीभाई बांभनिया, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा तथा दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल शामिल हैं।
यह राजकीय यात्रा भारत और पूर्वी यूरोप के देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक, संसदीय एवं रणनीतिक संबंधों को नई मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यात्रा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने तथा आपसी संबंधों को और सुदृढ़ बनाने पर भी चर्चा होगी।
विदाई के दौरान उपस्थित जनों ने विश्वास व्यक्त किया कि सांसद श्री विजय बघेल इस महत्वपूर्ण प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रभावी प्रतिनिधित्व करेंगे।




