कक्षा नवमी की छात्राओं को साइकिल वितरण, बालिका शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। शासन की निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत शासकीय हाई स्कूल गौरमाटी में कक्षा नवमी की 41 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। साइकिल प्राप्त करते ही छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस योजना का उद्देश्य बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना, उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य कुलदीप मार्कण्डेय, सरपंच श्रीमती झामिन बिजेश्वर साहू, उपसरपंच छन्नूलाल साहू, एसएमडीसी अध्यक्ष टहलराम साहू, पंच दिनेश सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे।

विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की यह योजना बालिकाओं के लिए अत्यंत लाभकारी है। इससे छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकेंगी। उन्होंने छात्राओं से साइकिल का सुरक्षित उपयोग करते हुए नियमित अध्ययन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में व्याख्याता श्रीमती सरोज बाला बनाफर, एस. कुमार मिर्ज, दिनेश कुमार सोनी, जयप्रकाश साहू, कीर्तन शुक्ला, मनीष कुमार वर्मा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं पालकगण उपस्थित रहे। गरिमामय वातावरण में आयोजित कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।




