‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित, बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित
ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब) के माध्यम से भारत सरकार की “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत युवा कौशल दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सरदा, परियोजना बेमेतरा में करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम जिला कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशन, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री चन्द्रबेश सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन तथा महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री सी.पी. शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करने, उच्च शिक्षा एवं विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी उपलब्ध कराने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था।
विशेषज्ञों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सही समय पर लिया गया निर्णय सफलता की कुंजी होता है। उन्होंने छात्राओं से अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर उचित मार्गदर्शन के साथ अपने भविष्य का निर्माण करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर छात्राओं को महिला एवं बाल संरक्षण से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 181 (महिला हेल्पलाइन) एवं 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) की जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह रोकथाम, महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित गतिविधियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान किशोरी बालिकाओं को सैनिटरी पैड एवं “संगिनी दीदी के गोठ” पुस्तक का वितरण किया गया। साथ ही मासिक धर्म स्वच्छता, आत्म-सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता प्रदान कर उन्हें स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम, मिशन शक्ति की जेंडर विशेषज्ञ सेवन्तिका, चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक राजेन्द्र चंद्रवंशी, सुपरवाइजर आशीष जायसवाल, सखी वन स्टॉप सेंटर की लीगल एडवाइजर रामेश्वरी साहू, सेक्टर सुपरवाइजर, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




