नीट पेपर लीक मामले में नई दिल्ली में पीएम आवास के सामने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमाई हुई है।
नीट पेपर लीक मामले में नई दिल्ली में पीएम आवास के सामने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमाई हुई है। इस मामले को लेकर बीजेपी में जमकर उबाल है। रायपुर में बीजपी के कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान एक सब-इंस्पेक्टर समेत करीब 16 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। इस प्रदर्शन के दौरान कई जवानों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिये अस्पताल भेजा गया है।
गंभीर रूप से घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं मामूली घायल आरक्षकों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। सूचना पर रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला रामकृष्णा केयर अस्पताल पहुंचे। घायल जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल पूछा। चिकित्सकों से घायल जवानों के स्वास्थ्य और इलाज को लेकर पूरी जानकारी ली। घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
‘सांस लेने में हुई परेशानी’
घायल जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेटिंग के दौरान भीड़ के बीच फंस जाने से उन्हें सांस लेने में काफी परेशानी हुई, इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया। प्रशिक्षु उप निरीक्षक देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से गंभीर चोट पहुंची है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।




