ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। तहसीलदार श्रीमती सरिता मढ़रिया के स्थानांतरण के बाद कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशानुसार आशुतोष गुप्ता ने सोमवार को थानखम्हरिया तहसीलदार पद का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के दौरान तहसील कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद तहसीलदार आशुतोष गुप्ता ने तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली तथा लंबित एवं प्रचलित राजस्व प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा आमजन से जुड़े राजस्व मामलों का समयबद्ध एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए तहसीलदार आशुतोष गुप्ता ने कहा कि कार्यालय की व्यवस्था में सुधार लाना तथा पारदर्शी और जवाबदेह कार्य वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य करें, ताकि राजस्व विभाग की सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुगमता एवं समय पर पहुंच सके।



