विभिन्न विभागों से संबंधित 36 आवेदन प्राप्त, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया,। जिले के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाले जनदर्शन कार्यक्रम के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जनदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्रामों से पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनदर्शन के दौरान नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों में अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई, जबकि कुछ प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल उपस्थित होकर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सरल एवं तात्कालिक प्रकृति के कई मामलों का निराकरण मौके पर ही किया गया।
आज आयोजित जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 36 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, खाद्य, विद्युत, शिक्षा सहित अन्य विभागों से जुड़े प्रकरण शामिल रहे। जिन मामलों में विस्तृत जांच अथवा विभागीय प्रक्रिया आवश्यक है, उन्हें नियमानुसार समय-सीमा (टीएल) में दर्ज कर शीघ्र निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, वृद्धावस्था एवं निराश्रित पेंशन, दिव्यांगजन सहायता, भूमि संबंधी विवाद, सीमांकन, नामांतरण, कटा हुआ रकबा जोड़ने, आम रास्ता खुलवाने, खाद गड्ढा हटाने, पेयजल, विद्युत एवं अन्य जनसुविधाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध रूप से शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि जनदर्शन आम नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं का यथासंभव शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का नियमित अनुश्रवण करते हुए निर्धारित समय-सीमा में उनका गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।



