ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया । प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन, जिला बेमेतरा एवं समाधान महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में एकेडमिक वर्ल्ड स्कूल, बेमेतरा में आयोजित “समर्थ गुरु–2026” एकदिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला एवं “प्रतिभा सम्मान समारोह–2026” में पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल (IPS) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों का शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में जिलेभर के 450 से अधिक शिक्षक, शिक्षाविद्, विद्यालय संचालक, प्राचार्य, विद्यार्थी एवं पालकों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक एवं नवाचारी शिक्षण पद्धतियों से जोड़ना तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों का सम्मान करना था।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल ने कहा कि अनुशासन और समर्पण ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण का शिल्पकार बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। साथ ही विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और समय के सदुपयोग के माध्यम से अपने लक्ष्य की ओर दृढ़ता से बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने परीक्षा की बेहतर तैयारी और करियर निर्माण के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने, अनुशासन अपनाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, आत्मसंयम, कृतज्ञता और दृढ़ संकल्प सफलता की सबसे बड़ी शक्ति हैं तथा एक प्रेरणादायी शिक्षक ही विद्यार्थियों में सीखने की जिज्ञासा और आत्मविश्वास विकसित कर सकता है।
प्रतिभा सम्मान समारोह में सीबीएसई एवं सीजी बोर्ड की कक्षा 8वीं, 10वीं एवं 12वीं के जिला टॉप-10 विद्यार्थियों, शासकीय एवं निजी विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं, 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा समाधान महाविद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं समाधान महाविद्यालय के लगभग 50 उत्कृष्ट शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, नवाचार एवं समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुनि इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली के संस्थापक एवं अध्यक्ष अशोक ठाकुर, फाजिल लर्निंग एंड इनोवेशन संस्थान के संस्थापक सैय्यद फाजिल, कृष्णा पब्लिक स्कूल समूह के कार्यकारी निदेशक आशुतोष त्रिपाठी, एकेडमिक वर्ल्ड स्कूल के सीईओ विनीत राजोरिया, विद्यालयों के डायरेक्टर एवं प्राचार्य रामकुमार भारती, गिरीश कुमार, समाधान महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ. अवधेश पटेल, जीनियस पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर योगेश बागरेचा, श्रीयता तिवारी, गजपाल सिंह खुराना, वीरेंद्र जायसवाल, वसीम खान, जितेंद्र मिश्रा, नसरीन खान, प्रहलाद सिंह वर्मा, राजेश दीवान एवं दिव्यम शुक्ला सहित 400 से अधिक शिक्षक, विद्यार्थी एवं पालक उपस्थित रहे।




