ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया, । पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अग्रवाल समाज द्वारा नगर के मारवाड़ी मुक्तिधाम परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता चंदन अग्रवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुक्तिधाम परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा सभी उपस्थित लोगों ने पौधों की देखभाल एवं उनके बड़े होने तक सुरक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान मुक्तिधाम परिषद को हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने का संदेश दिया गया।

नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता चंदन अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से जहां भी संभव हो, कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति का आधार हैं। जहां हरियाली होगी, वहां प्रकृति भी मेहरबान रहेगी। मुक्तिधाम परिसर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने की दिशा में यह एक सराहनीय पहल है, जो समाज की जनसेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है।
कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, नगर पंचायत के कर्मचारियों, गार्डन कर्मचारियों, सफाई दीदियों तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर पौधारोपण किया।




