Home छत्तीसगढ़ माओवादियों के लगाए गए IED की चपेट में आए दो किशोर, दोनों...

माओवादियों के लगाए गए IED की चपेट में आए दो किशोर, दोनों घायल; सुरक्षा बल चला रहे रेस्क्यू अभियान

7
0

बीजापुर के उसूर क्षेत्र में माओवादियों के पहले से लगाए प्रेशर IED की चपेट में आने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो किशोर घायल हो गए। एक का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि दूसरे को निकालने के लिए सुरक्षा बल भारी बारिश के बीच रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं।

बीजापुर के थाना उसूर क्षेत्र में माओवादियों द्वारा पहले से लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो ग्रामीण घायल हो गए। दोनों के पैरों में चोट आई है। एक घायल को अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे को सुरक्षित निकालने के लिए सुरक्षा बलों का रेस्क्यू अभियान जारी है।

पुलिस के अनुसार, जिला सुकमा के थाना चिंतागुफा क्षेत्र के ग्राम करीगुण्डम के 7-8 युवक और बालक नीलम सराई जलप्रपात घूमने आए थे। जलप्रपात से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED में विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आकर ग्राम करीगुण्डम निवासी सोढ़ी देवा (13 वर्ष), पिता हुंगा सोढ़ी घायल हो गया। विस्फोट में उसके दाहिने पैर की एड़ी में चोट आई। घायल बालक को तत्काल उसूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।

दूसरी घटना में ग्राम नम्बी के दो ग्रामीण मवेशी चराने नम्बी जलधारा की ओर गए थे। इसी दौरान जंगल में पहले से लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आने से विनोद कट्टम (15 वर्ष), पिता चन्द्रु कट्टम घायल हो गया। विस्फोट में उसके दाहिने पैर की एड़ी में चोट आई है।

घटनास्थल तक पहुंचने वाले मार्ग में पड़ने वाले नाले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया है, जिससे आवागमन बाधित है। सुरक्षा बल आवश्यक सावधानियों के साथ रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here