ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के तत्वावधान में प्रदेश अध्यक्ष रामअवतार अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री महेश अग्रवाल एवं जिला अध्यक्ष अनिल सिंघानिया के मार्गदर्शन में राधा-कृष्ण जमात मंदिर परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजनों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के प्रतिनिधि के रूप में डीएसपी कौशल्या साहू, परम पूज्य गुरुदेव पं. संतोषी लाल पाराशर, एसडीएम पिंकी मनहर, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, महंत बसंत बिहारी दास, तहसीलदार आशुतोष गुप्ता, जिला महामंत्री राजेश ठाकुर तथा थाना प्रभारी सत्यप्रकाश उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अग्रवाल समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लिया।

वृक्षारोपण के पश्चात मंदिर सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में समाज की ओर से सभी अतिथियों का शॉल एवं दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया गया।
डीएसपी कौशल्या साहू ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष पृथ्वी की अमूल्य धरोहर हैं। वे न केवल पर्यावरण का संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि मानव जीवन को सुरक्षित, स्वस्थ एवं सुखद बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
परम पूज्य गुरुदेव पं. संतोषी लाल पाराशर ने कहा कि वृक्षारोपण का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित पर्यावरण प्रदान करना है। उन्होंने कहा, “वृक्षारोपण ईश्वरीय कार्य है। यह सृष्टि की सेवा, मानवता की उपासना और भविष्य की सुरक्षा का संकल्प है।” उन्होंने प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि यदि वृक्ष नहीं होंगे तो वर्षा भी नहीं होगी। मनुष्य को केवल अपने लिए नहीं, बल्कि परमार्थ और समाज के हित में भी वृक्ष लगाने चाहिए।
पं. पाराशर ने शास्त्रों का उल्लेख करते हुए कहा, “दस कुओं के बराबर एक बावड़ी, दस बावड़ियों के बराबर एक तालाब, दस तालाबों के बराबर एक पुत्र और दस पुत्रों के बराबर एक वृक्ष होता है।” उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से जीवन में कम से कम एक वृक्ष लगाकर उसका संरक्षण करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला अध्यक्ष अनिल सिंघानिया ने किया। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन भविष्य में भी धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण के ऐसे जनजागरण अभियान निरंतर संचालित करता रहेगा।
इस अवसर पर रवि बिंदल, राजेश सिंघानिया, सुरेश सिंघानिया, शिवेंद्र बिंदल, पुरुषोत्तम अग्रवाल, रौनक मुरारका, विकास बंसल, बंटी सिंघानिया, बलदेव जोशी, संजय सिंघानिया, दीपक बंसल, चंद्रशेखर राजपूत, आदर्श जोशी, कान्हा बिंदल, ऋषि अग्रवाल, गिरीश शर्मा सहित बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




