रोटरी क्लबों के सहयोग एवं कुछ फ़र्ज़ हमारा भी (KFHB) के संचालन में प्रतिदिन मिलेगा निःशुल्क भोजन
रायपुर,
रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में आज 365 दिवसीय निःशुल्क अन्न सेवा अभियान का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के करकमलों से संपन्न हुआ। यह सेवा रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो डिवाज़ की पहल, रोटरी क्लब ऑफ रायपुर इन्फिनिटी के सहयोग एवं रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन के समर्थन से प्रारंभ की गई है, जिसका संचालन एवं दैनिक क्रियान्वयन कुछ फ़र्ज़ हमारा भी (KFHB) द्वारा किया जाएगा।
इस सेवा अभियान का उद्देश्य अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों को प्रतिदिन स्वच्छ, पौष्टिक एवं सम्मानपूर्वक निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि उपचार के कठिन समय में उन्हें भोजन जैसी मूलभूत आवश्यकता की चिंता न करनी पड़े।
इस अवसर पर माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाजसेवी संस्थाओं एवं सेवा संगठनों की सहभागिता से ऐसे जनहितकारी कार्य समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।

कुछ फ़र्ज़ हमारा भी KFHB संस्था विगत 8 वर्षों से DKS अस्पताल जैसे रायपुर के विभिन्न शासकीय अस्पतालों में प्रतिदिन हजारों मरीजों के परिजनों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराने का सेवा कार्य निरंतर संचालित कर रहा है। इसी अनुभव और सेवा संकल्प के साथ अब मेकाहारा अस्पताल में भी यह 365 दिवसीय अन्न सेवा प्रारंभ की गई है, जहाँ प्रतिदिन मरीजों के परिजनों को गरम एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में रोटरी परिवार के अनेक पदाधिकारी, सदस्य, समाजसेवी, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने स्वयं भोजन वितरण में सहभागिता कर “Service Above Self” (स्वयं से ऊपर सेवा) के रोटरी के मूल मंत्र को साकार किया।
कुछ फ़र्ज़ हमारा भी (KFHB) के संस्थापक एवं अध्यक्ष श्री नितिन सिंह राजपूत ने बताया कि यह सेवा पूरे वर्ष बिना किसी अवकाश के निरंतर संचालित की जाएगी। इसका उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश समाज तक पहुँचाना भी है।
कार्यक्रम के अंत में प्रवक्ता कैलाश अग्रवाल ने सभी सहयोगी संस्थाओं, स्वयंसेवकों, दानदाताओं एवं समाज के सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस सेवा अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
“मानव सेवा ही सर्वोत्तम सेवा है।”




