Home छत्तीसगढ़ खैरझिटीकला में मिला लकड़बग्घा

खैरझिटीकला में मिला लकड़बग्घा

3
0

 

तीन-चार दिनों से आसपास के खेतों में घूमने की सूचना, मृत अवस्था में मिला

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया। समीपस्थ ग्राम खैरझिटीकला के खेत में लकड़बग्घा मिलने से ग्रामीणों में चर्चा का माहौल रहा। बताया जा रहा है कि यह लकड़बग्घा पिछले तीन-चार दिनों से आसपास के खेतों में घूम रहा था। रविवार दोपहर इसके मृत अवस्था में मिलने की सूचना सामने आई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 सितंबर को ग्राम खैरझिटीकला के खेतों में लकड़बग्घा दिखाई देने की बात कुछ ग्रामीणों ने गांव के लोगों को बताई थी। इसके बाद ग्राम कोटवार द्वारा हांका लगाकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सूचना दी गई। हालांकि, ग्रामीणों के अनुसार लकड़बग्घे द्वारा किसी व्यक्ति या पशु को नुकसान पहुंचाए जाने की जानकारी सामने नहीं आई।

रविवार दोपहर खेत में लकड़बग्घे के मृत पड़े होने की सूचना मिलने पर वन विभाग को जानकारी दी गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार किया तथा नियमानुसार मृत लकड़बग्घे का अंतिम संस्कार कराया।

बताया जाता है कि लकड़बग्घा सामान्यत: जंगल एवं वन क्षेत्रों में पाया जाता है। आशंका जताई जा रही है कि भटककर यह गांव के आसपास के खेतों तक पहुंच गया होगा। वन विभाग द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here