—
सब-हेड
2019 में 10वीं में प्रदेश में आए थे दूसरे, पिता गया राम साहू पूर्व राज्यपाल रमेश बैस के यहां हैं ड्राइवर
—
भाटापारा। बलौदा बाजार-भाटापारा जिले के लिए गर्व का पल।
जिले के मूलतः टेहका गांव निवासी एवं वर्तमान में भाटापारा के ईश्वर बाड़ी, टेहका रोड में रहने वाले होनहार युवा योगेश साहू ने सोनी टीवी के प्रसिद्ध कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में हॉट सीट तक पहुंचकर 50 लाख रुपये जीतकर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।
योगेश के एपिसोड का प्रसारण 18 अगस्त को रात 9 बजे सोनी टीवी पर हुआ। हॉट सीट पर योगेश सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के सवालों का जवाब देते नजर आए और उन्होंने 15वें प्रश्न तक का सही उत्तर देकर 50 लाख की राशि जीती।
शिक्षा में शुरू से अव्वल
23 वर्षीय योगेश साहू बचपन से ही प्रतिभावान रहे हैं। वर्ष 2019 में 10वीं बोर्ड परीक्षा में उन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। उस समय उनका रोल नंबर 1191122002 था और वे भाटापारा के मयूर शिशु मंदिर हायर सेकेण्डरी स्कूल में अध्ययनरत थे। प्रारंभिक शिक्षा उन्होंने जेसीज कांवेंट में प्राप्त की।
इसके बाद योगेश ने IIT मुंबई से शिक्षा प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वर्तमान में वे अखिल भारतीय स्तर की UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं और उन्होंने हाल ही में UPSC की प्रारंभिक परीक्षा भी उत्तीर्ण की है।
पिता के संघर्ष का फल
योगेश के पिता गया राम साहू महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस जी के यहां वर्षों से वाहन चालक का कार्य करते हैं। माता का नाम सरोजनी साहू है। परिवार पहले टेहका ग्राम में रहता था।
योगेश की इस उपलब्धि पर पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस जी ने बधाई देते हुए कहा:
“मुझे अत्यंत प्रसन्नता हुई कि टेहका गांव के मेधावी युवा योगेश साहू ने KBC में 50 लाख जीतकर परिवार, गांव और पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि मेहनत और लगन से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।”
जिले भर में खुशी की लहर
योगेश की इस उपलब्धि पर ग्राम टेहका सहित पूरे जिले में खुशी की लहर है। मुंबई से लौटने पर रेल्वे स्टेशन पर सामाजिक लोगों ने योगेश और गया राम साहू का जोरदार स्वागत किया। 18 अगस्त को योगेश के पैतृक गांव टेहका और भाटापारा के प्रमुख स्थानों पर बड़े पर्दे पर कार्यक्रम का सामूहिक प्रसारण किया गया।
नगर साहू समाज के अध्यक्ष राजेश साहू ने कहा कि “योगेश ने समाज, परिवार और भाटापारा का नाम पूरे देश में रोशन किया है।”




