Home छत्तीसगढ़ मुंबई में FDA का छापा: मैकडोनाल्ड्स और रेडियो क्लब पर गिरी गाज,...

मुंबई में FDA का छापा: मैकडोनाल्ड्स और रेडियो क्लब पर गिरी गाज, लाइसेंस निलंबित; अब सुरक्षित है बाहर का खाना?

6
0

बाहर का खाना खाते समय हम स्वाद तो देखते हैं, लेकिन क्या कभी आपने उस रसोई की सच्चाई जानी है जहां आपका खाना बनता है? मुंबई के नामी क्लबों और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के किचन से निकली गंदगी की परतें यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि हम पैसों के बदले अपनी सेहत के साथ कितना बड़ा खिलवाड़ कर रहे हैं। जानिए कैसे एफडीए के इस कड़े कदम ने आपके पसंदीदा रेस्टोरेंट का असली चेहरा बेनकाब कर दिया है।

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। एफडीए ने मुंबई के प्रसिद्ध बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब और कोलाबा स्थित मैकडोनाल्ड्स आउटलेट का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही पूरे राज्य में कुल 13 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन के कारण हुई है। एफडीए के इस कड़े रुख से पूरे राज्य के होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया है।

आईएएस तुकाराम मुंढे की अगुवाई में बड़ा अभियान
मई महीने में आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे ने एफडीए आयुक्त का पदभार संभाला था। इसके बाद से ही नियम तोड़ने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। एफडीए ने हाल ही में एक विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान राज्य भर के 89 होटलों, रेस्टोरेंटों और ढाबों का निरीक्षण किया गया। जांच के बाद 71 प्रतिष्ठानों को सुधार के नोटिस जारी किए गए। वहीं गंभीर लापरवाही मिलने पर 13 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तुरंत निलंबित कर दिए गए।

रेडियो क्लब और मैकडोनाल्ड्स में मिलीं गंभीर खामियां
19 अगस्त को रेडियो क्लब के किचन की जांच की गई थी। निरीक्षण में 47 प्रतिशत गैर-अनुपालन दर दर्ज की गई। किचन में जिंदा मक्खियां और मरे हुए कॉकरोच मिले। छत से पेंट और प्लास्टर झड़कर खाना पकाने वाली जगह पर गिर रहा था। डिटर्जेंट पाउडर और रसायन भोजन सामग्री के पास रखे थे। खाना सीधे फर्श पर रखा था और मांसाहारी भोजन के लिए उपयोग होने वाले रेफ्रिजरेटर बेहद गंदे थे। इसके बाद एफडीए ने निलंबन अवधि के दौरान भोजन की खरीद, बिक्री और वितरण पर रोक लगा दी।
कोलाबा के मेट्रो हाउस स्थित मैकडोनाल्ड्स आउटलेट का एफएसएसएआई लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया। 12 अगस्त को आउटलेट ने 148 पन्नों की अनुपालन रिपोर्ट सौंपी थी। लेकिन 19 अगस्त को दोबारा जांच में पहले से दी गई 20 में से 18 खामियां दूर नहीं हुई थीं। वहां बिना कैलिब्रेशन वाले फ्रिज, जिंदा कॉकरोच, फर्श पर सड़ता खाना और गंदे कपड़े मिले। कर्मचारी गंदे जूते और कपड़े छूने के बाद बिना हाथ धोए खाना बना रहे थे। इसके अलावा असली पनीर और चीज का दावा करके गैर-डेयरी उत्पाद का इस्तेमाल किया जा रहा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here