बीट प्रभारियों एवं आरक्षकों को क्षेत्र में निरंतर भ्रमण और नागरिकों से संवाद के निर्देश
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया, पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) ने ग्रामीण क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान थाना खम्हरिया का औचक निरीक्षण कर थाना की पुलिसिंग व्यवस्था, अभिलेखों एवं लंबित प्रकरणों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाते हुए कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा बेहतर पुलिसिंग के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी श्री बंसल ने थाना के जप्ती माल, मालखाना, जप्ती रजिस्टर, जरायम रजिस्टर, शिकायत रजिस्टर, ड्यूटी रजिस्टर, मर्ग रजिस्टर, हिस्ट्रीशीट, ग्राम अपराध पुस्तिका, फिंगर प्रिंट रजिस्टर सहित अन्य रजिस्टर एवं तख्तियों का अवलोकन किया। उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
एसपी ने सीसीटीएनएस योजनांतर्गत MedLEaPR (मेडिको-लीगल एग्जामिनेशन एंड पोस्ट मॉर्टम रिपोर्टिंग सिस्टम) के माध्यम से एमएलसी एवं पीएम रिपोर्ट की ऑनलाइन प्रक्रिया को प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने बीट प्रभारियों एवं बीट आरक्षकों से संवाद करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करें और स्थानीय नागरिकों से बेहतर संवाद स्थापित करें। साथ ही क्षेत्र में जुआ, अवैध शराब, गांजा, नशीली दवाओं एवं अन्य मादक पदार्थों की गतिविधियों की जानकारी एकत्र करने, गुंडा, निगरानी एवं सूचीबद्ध अपराधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने बीट प्रभारियों को क्षेत्र के भौगोलिक विवरण, प्रमुख जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं वरिष्ठ नागरिकों की जानकारी संकलित करने के साथ ही विवादग्रस्त क्षेत्रों, आपराधिक ठिकानों, मेले-त्योहारों, डेरा डालने वाले एवं घुमक्कड़ लोगों की गतिविधियों तथा पुराने विवादों और उनके कारणों की जानकारी बीट पुस्तिका में नियमित रूप से अद्यतन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीली दवा एवं अन्य अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान, शिकायत एवं लंबित स्थायी तथा गिरफ्तारी वारंटों का शीघ्र निराकरण एवं तामिली करने को कहा। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अधिक से अधिक प्रतिबंधात्मक एवं बाउंड ओवर की कार्रवाई करने तथा निगरानी बदमाशों, गुण्डों एवं शराब पीकर हुड़दंग अथवा मारपीट करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश
चोरियों एवं अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी ने रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग एवं कॉम्बिंग गश्त को मजबूत करने के निर्देश दिए। गश्त के दौरान होटल, लॉज, ढाबा, एटीएम, बैंक, बस स्टैंड, प्रतीक्षालय एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग करने तथा गली-मोहल्लों एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
महिला एवं बाल अपराधों को लेकर भी एसपी ने गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने यौन उत्पीड़न एवं अन्य अपराधों से पीड़ित महिलाओं/उत्तरजीवियों के लिए क्षतिपूर्ति योजना के अंतर्गत आने वाले प्रकरणों को राज्य एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समक्ष प्रस्तुत कर पीड़ितों को न्याय एवं क्षतिपूर्ति योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों का अभियान चलाकर शीघ्र निराकरण करने तथा गुम बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
ई-साक्ष्य और नए कानून के पालन पर जोर
एसपी श्री बंसल ने वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त पत्रों एवं निर्देशों का समय-सीमा में पालन करने, ई-साक्ष्य का प्रभावी उपयोग करने तथा सभी अधिकारी-कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान निर्धारित साफ-सुथरी वर्दी धारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना में रिपोर्ट करने आने वाली महिला आगंतुकों एवं रिपोर्टकर्ताओं के साथ संयमित एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उचित कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने मजबूत सूचना तंत्र विकसित कर बेहतर पुलिसिंग करने तथा संशोधित नए कानून के संबंध में विवेचकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
साइबर जागृति अभियान चलाने के निर्देश
एसपी ने साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक …



