ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। थाना खम्हरिया क्षेत्र के समीप ग्राम उसलापुर में बुधवार सुबह घरेलू विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम उसलापुर निवासी बाबूलाल वर्मा (70) का अपनी पत्नी विशाखा वर्मा (65) से किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आए बाबूलाल ने घर में रखे टंगिया से पत्नी के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से विशाखा वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक
घटना के बाद आरोपी बाबूलाल मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही थाना खम्हरिया पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को आरोपी घर से करीब 200 मीटर दूर सड़क किनारे बैठा मिला, जिसे गिरफ्तार कर थाने लाया गया। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
दोनों अलग-अलग बेटों के साथ रहते थे
ग्राम के सरपंच बघेल ने बताया कि बाबूलाल वर्मा की मानसिक स्थिति काफी समय से ठीक नहीं थी। दंपती के दो बेटे हैं, जिनमें बड़े बेटे की मृत्यु हो चुकी है। बाबूलाल अपने छोटे बेटे और बहू के साथ रहते थे, जबकि विशाखा वर्मा बड़े बेटे के परिवार के साथ रहती थीं। बताया गया कि दोनों के बीच काफी समय से बातचीत भी बंद थी।
घटना के बाद पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खम्हरिया पहुंचाया, जहां डॉक्टर ओमप्रकाश साहू ने पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गांव ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




