ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खमरिया। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के पावन अवसर पर नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय द्वारा ईद मिलादुन्नबी का त्योहार हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय द्वारा विशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जुलूस के माध्यम से पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की इंसानियत, अमन और भाईचारे की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। जुलूस में शामिल लोगों ने आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया। पूरे मार्ग में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर समाज प्रमुख शरीफ खान एवं हुसैन बेग ने मुस्लिम समाजजनों को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी। उन्होंने समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि ईद मिलादुन्नबी केवल खुशी मनाने का त्योहार नहीं, बल्कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन और उनकी शिक्षाओं को याद करने का पवित्र अवसर है।
उन्होंने कहा कि पैगंबर साहब ने पूरी मानवता को अमन, इंसानियत, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज से नफरत और भेदभाव को मिटाकर आपसी सद्भाव को मजबूत करना चाहिए।
विशाल जुलूस में मुस्लिम समुदाय के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जुलूस के दौरान धार्मिक भावनाओं के साथ शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण देखने को मिला।




