बेमेतरा में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ
पहली बार जिले को मिली भारोत्तोलन प्रतियोगिता की मेजबानी, 160 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया । जिले में पहली बार आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 (भारोत्तोलन बालक/बालिका 17 एवं 19 वर्ष) का सोमवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, बेमेतरा के प्रांगण में विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल के मुख्य आतिथ्य में हुआ। सांसद श्री बघेल ने खेल ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा विभिन्न संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में साजा विधायक श्री ईश्वर साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सांसद श्री विजय बघेल एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने पावर लिफ्टिंग उठाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
खेल जीवन में अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण सिखाता है
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद श्री विजय बघेल ने कहा कि खेल व्यक्ति को अनुशासन, ईमानदारी और लक्ष्य के प्रति समर्पण भाव से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताएं ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने तथा उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सशक्त माध्यम हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी खेल भावना एवं ईमानदारी के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल में हार से निराश या हताश नहीं होना चाहिए, बल्कि हार को सीख के रूप में लेकर उत्साह, लगन और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
चार संभागों के 160 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
बेमेतरा जिले को पहली बार राज्य स्तरीय शालेय भारोत्तोलन प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। प्रतियोगिता में सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर एवं दुर्ग संभाग के लगभग 160 बालक-बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता 31 अगस्त से 3 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। इसमें 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भारोत्तोलन में अपनी प्रतिभा, तकनीक और ताकत का प्रदर्शन करेंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह में सिंघोरी विद्यालय की छात्राओं द्वारा आकर्षक स्थानीय रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। छत्तीसगढ़ी संस्कृति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, खिलाड़ियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमा जय दिवाकर, तेलघानी विकास बोर्ड अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू, छत्तीसगढ़ राज्य गौ-सेवा आयोग के उपाध्यक्ष स्वामी राजीव लोचन दास, छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड अध्यक्ष श्री प्रहलाद रजक, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल, जिला पंचायत सीईओ सुश्री प्रेमलता पद्माकर, अपर कलेक्टर श्री प्रकाश भारद्वाज सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, खेल मैदान, चिकित्सा सुविधा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।




