Home Uncategorized यात्री प्रतीक्षालय का भूमिपूजन कर भूल गए जनप्रतिनिधि, चार साल से अधूरा...

यात्री प्रतीक्षालय का भूमिपूजन कर भूल गए जनप्रतिनिधि, चार साल से अधूरा पड़ा निर्माण

16
0

 

भूमिपूजन पत्थर भी गायब, खुले आसमान के नीचे बसों का इंतजार करने मजबूर यात्री; टाइल्स में पड़ने लगी दरारें

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खमरिया। थान खमरिया के समीप ग्राम पतोरा के मुख्य मार्ग पर यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 के आसपास पर्यावरण विभाग से लगभग 10 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद ठेकेदार प्रवीण साहू द्वारा यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। करीब चार वर्ष होने को हैं, लेकिन निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है।

यात्री प्रतीक्षालय के निर्माण को लेकर जनप्रतिनिधियों द्वारा बड़े जोर-शोर से भूमिपूजन किया गया था, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य अधूरा ही रह गया। हाल ही में प्रतीक्षालय में टाइल्स लगाए गए हैं, लेकिन उनमें भी दरारें पड़ना शुरू हो गई हैं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं, मौके पर लगाया गया भूमिपूजन का पत्थर भी गायब बताया जा रहा है।

निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण आसपास के दर्जनों गांवों से आने वाले यात्रियों को बसों के इंतजार के लिए खुले आसमान के नीचे खड़ा रहना पड़ता है। गर्मी, बारिश और खराब मौसम में यात्रियों को काफी परेशानी होती है। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को बसों का इंतजार करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि शासन द्वारा यात्री प्रतीक्षालय के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने के बावजूद कार्य का अधूरा रहना गंभीर लापरवाही का मामला है। निर्माण कार्य में हो रही देरी से जहां यात्रियों को सुविधा नहीं मिल पा रही है, वहीं हाल ही में लगाए गए टाइल्स में दरारें आने से कार्य की गुणवत्ता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि यात्री प्रतीक्षालय के अधूरे निर्माण का संज्ञान लेते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता, स्वीकृत राशि और कार्य में हुई देरी की जांच कराई जाए तथा प्रतीक्षालय का निर्माण जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि ग्राम पतोरा सहित आसपास के दर्जनों गांवों के यात्रियों को इसका लाभ मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here