मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय करेंगे भव्य शुभारंभ; चिंतन, स्वास्थ्य, महिला-युवा शक्ति, सम्मान, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों का होगा विराट संगम
रायपुर/अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा श्री अग्रवाल सभा, अंबिकापुर एवं सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के आतिथ्य में 19 एवं 20 सितंबर 2026 को अंबिकापुर में “अग्र महाकुंभ–2026 — सेवा, शक्ति और सामर्थ्य का संगम” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय इस प्रांतीय अधिवेशन एवं दशम अग्र अलंकरण समारोह में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न हिस्सों से अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, समाजसेवी, उद्यमी, युवा एवं महिला प्रतिनिधि शामिल होंगे।
19 सितंबर को दोपहर 12 बजे आयोजित भव्य उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुलभूषण मित्तल करेंगे। राष्ट्रीय संरक्षक श्री सियाराम अग्रवाल, छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा आयोजन के संरक्षक श्री राजेश अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री अमर अग्रवाल, विधायक बसना श्री संपत अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल सांसद श्री चिंतामणि महाराज, सहित अनेक विशिष्टजन कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल , सांसद चिंतामणि महाराज ने आयोजन के दोनों दिवस उपस्थित रहने की स्वीकृति प्रदान करते हुए आयोजन को यथासंभव पूर्ण सहयोग देने तथा प्रदेशभर से आने वाले अग्रबंधुओं के स्वागत-अभिनंदन में स्वयं सहभागी होने की भावना व्यक्त की है।
पहले दिन “अग्र-मंथन” से कवि सम्मेलन तक
प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने बताया कि अग्र महाकुंभ को केवल एक औपचारिक अधिवेशन न बनाकर समाज की वर्तमान आवश्यकताओं, संगठनात्मक मजबूती, नई पीढ़ी की भागीदारी, स्वास्थ्य, संस्कार और भविष्य की दिशा पर सामूहिक चिंतन का मंच बनाया गया है।
19 सितंबर को प्रातः 10 से 12 बजे “अग्र-मंथन–2026” से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। “चिंतन से निर्णय — निर्णय से दिशा” की भावना के साथ इस सत्र में समाज की दशा-दिशा, बदलती सामाजिक परिस्थितियों, संगठन की भूमिका तथा भविष्य की कार्ययोजना पर खुला विचार-मंथन होगा। इस सत्र का संचालन सुनील अग्रवाल बॉबी करेंगे।
दोपहर 12 से 2 बजे भव्य उद्घाटन सत्र होगा। इसके पश्चात दोपहर 3 से शाम 5 बजे महिला अधिवेशन आयोजित होगा, जिसमें महिला शक्ति, सामाजिक सहभागिता, संगठन एवं भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श के साथ , श्री पंकज अग्रवाल श्रीमती वर्षा अग्रवाल श्री सुमित द्वारा संपादित “अग्र कुल दर्शन” पत्रिका का विमोचन भी है।
शाम 5 से 6 बजे युवा अधिवेशन में युवा शक्ति, नेतृत्व, उद्यमिता, नई पीढ़ी के विचार और समाज निर्माण में युवाओं की भूमिका पर संवाद होगा। शाम 6 से 8 बजे सांस्कृतिक संध्या में अंबिकापुर की महिलाओं एवं बच्चों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
चार ख्यातिप्राप्त कवियों से सजेगी हास्य और काव्य की शाम”
पहले दिन का विशेष आकर्षण रात्रि 8 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा। हास्य, व्यंग्य, गीत, शृंगार और ओज से सजी इस साहित्यिक संध्या में देश के चार ख्यातिप्राप्त कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे—
कुशल कुशलेन्द्र, दिल्ली — अंतरराष्ट्रीय हास्य कवि
हिमांशु बवंडर, उज्जैन (मध्यप्रदेश) — अंतरराष्ट्रीय हास्य कवि एवं लॉफ्टर फेम
सोनल जैन, सूरत (गुजरात) — अंतरराष्ट्रीय कवयित्री, हास्य रस एवं शृंगार रस
देवेंद्र प्रताप “आग”, इटावा (उत्तरप्रदेश) — अग्निधर्मी कवि
कवि सम्मेलन को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह है और इसे “हास्य, संगीत और संस्कृति की शानदार शाम” के रूप में सजाया जा रहा है।
दूसरे दिन योग, सामाजिक संवाद, स्वास्थ्य, सम्मान और “परिवारोत्सव”
20 सितंबर की शुरुआत प्रातः 6:30 से 7:45 बजे तनावमुक्त जीवनशैली एवं योग शिविर से होगी। इसमें योग, शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन, बेहतर जीवनशैली एवं सकारात्मक ऊर्जा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
प्रातः 10 से 11:30 बजे “खुला संवाद — समाज से, समाज के लिए” आयोजित होगा। इस सत्र में अग्रवाल समाज के अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं विभिन्न अग्रवाल सभाओं के प्रतिनिधियों के साथ समाज की वर्तमान आवश्यकताओं, चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर आत्मीय एवं सार्थक विचार-मंथन किया जाएगा। इसी क्रम में …




