Home छत्तीसगढ़ श्री सप्तदेव मंदिर में श्री भादी अमावस्या उत्सव धूमधाम से सम्पन्न

श्री सप्तदेव मंदिर में श्री भादी अमावस्या उत्सव धूमधाम से सम्पन्न

7
0

 

सूरत की विख्यात कलाकार वर्षा सोनी एंड पार्टी ने बांधा भक्तिरस का समां, सैकड़ों महिलाओं ने किया श्री राणी सती दादी का भव्य मंगल पाठ

कोरबा । प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्री सप्तदेव मंदिर, कोरबा में श्री भादी अमावस्या उत्सव शुक्रवार, 11 सितंबर 2026 को श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ अत्यंत भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें नगर के विभिन्न समाजों, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

भादी अमावस्या के पावन अवसर पर प्रातःकाल श्री सप्तदेव मंदिर में भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ जात-पूजन का धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके पश्चात श्री सप्तदेव महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया गया। भक्तिमय भजनों एवं दादी जी के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो गया।

सैकड़ों महिलाओं ने किया श्री राणी सती दादी का भव्य मंगल पाठ

भादी अमावस्या उत्सव का मुख्य आकर्षण श्री राणी सती दादी चरित्र मानस का भव्य मंगल पाठ रहा। सायं 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक सैकड़ों महिलाओं ने सामूहिक रूप से मंगल पाठ में सहभागिता की। मंगल पाठ के लिए सूरत, गुजरात की विख्यात मंगल पाठ कलाकार वर्षा सोनी अपनी पूरी पार्टी एवं कलाकारों के साथ विशेष रूप से कोरबा पहुंचीं।

वर्षा सोनी एंड पार्टी द्वारा दादी जी के जीवन चरित्र, त्याग, तपस्या, शक्ति एवं महिमा का अत्यंत मधुर, भावपूर्ण एवं संगीतमय प्रस्तुतीकरण किया गया। मंगल गीतों एवं भजनों की मनोहारी प्रस्तुतियों के बीच महिलाओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ मंगल पाठ किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी मातृशक्ति की सामूहिक सहभागिता तथा दादी जी के जयघोष से श्री सप्तदेव मंदिर परिसर भक्तिरस में डूब गया।

मंगल पाठ के दौरान श्रद्धालुओं ने अपने परिवार, समाज, नगर एवं देश में सुख-शांति, समृद्धि, सौहार्द एवं मंगल की कामना करते हुए श्री राणी सती दादी से प्रार्थना की। सामूहिक मंगल पाठ के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं का उत्साह एवं भक्ति देखते ही बन रही थी।

विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं की रही गरिमामय सहभागिता

श्री सप्तदेव मंदिर में आयोजित भादी अमावस्या उत्सव में कोरबा नगर के अनेक समाजों, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं, महिला मंडलों तथा विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं की सामूहिक सहभागिता ने आयोजन को सामाजिक एकता, धार्मिक सद्भाव एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण का सुंदर स्वरूप प्रदान किया।

सभी समाजों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने श्री राणी सती दादी के दर्शन किए तथा मंगल पाठ में सहभागी होकर दादी जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

वर्षभर सर्वाधिक मंगल पाठ करने वाली 34 महिलाओं एवं बालिकाओं का सम्मान

इस अवसर पर श्री सप्तदेव मंदिर ट्रस्ट परिवार द्वारा वर्षभर श्री राणी सती दादी जी के सर्वाधिक मंगल पाठ करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। धार्मिक गतिविधियों में निरंतर सहभागिता को प्रोत्साहित करने की इस परंपरा के अंतर्गत कुल 34 पुरस्कार प्रदान किए गए।

इनमें 22 प्रथम, 7 द्वितीय एवं 5 तृतीय पुरस्कार शामिल रहे। सभी चयनित महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मान के साथ प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। सम्मान एवं पुरस्कार प्राप्त करने वाली मंगल पाठ करने वाली बहनों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता दिखाई दी। उन्होंने श्री सप्तदेव मंदिर ट्रस्ट परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस धार्मिक परंपरा को आगे भी निरंतर बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।

मंदिर ट्रस्ट परिवार की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना तथा नई पीढ़ी तक भक्ति, संस्कार एवं सनातन परंपराओं को पहुंचाना है।

1000 से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया भंडारे का प्रसाद

भादी अमावस्या के अवसर पर श्री सप्तदेव मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया। इसमें 1000 से अधिक श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर दादी जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

पूर्व संध्या पर हुआ विराट अखिल भारतीय कवि सम्मेलन

उल्लेखनीय है कि भादी अमावस्या की पूर्व संध्या 10 सितंबर 2026, गुरुवार को श्री सप्तदेव मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष होने वाले जागरण कार्यक्रम के स्थान पर इस वर्ष एक विशेष आयोजन के रूप में विराट अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।

रात्रि 9 बजे से 12 बजे तक आयोजित इस कवि सम्मेलन को लेकर श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों में विशेष उत्साह रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित हुए। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कवि सम्मेलन में भक्ति, भगवान अग्रसेन जी महाराज, बदलते हिंदुस्तान, राष्ट्रभक्ति एवं वीर रस से जुड़ी रचनाओं के साथ-साथ हास्य-व्यंग्य की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भाव-विभोर भी किया और खूब गुदगुदाया। देर रात तक मंदिर परिसर तालियों की गड़गड़ाहट एवं कवियों की शानदार प्रस्तुतियों से गूंजता रहा।

भक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश देता है श्री सप्तदेव मंदिर — अशोक मोदी

छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन, रायपुर एवं कृष्णा ग्रुप के चेयरमेन तथा श्री सप्तदेव मंदिर के प्रमुख ट्रस्टी अशोक मोदी ने श्री भादी अमावस्या उत्सव एवं इससे जुड़े सभी कार्यक्रमों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि श्री राणी सती दादी का मंगल पाठ हमारी धार्मिक आस्था, नारी शक्ति, संस्कार एवं सामाजिक एकता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि श्री सप्तदेव मंदिर में आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज को जोड़ना, नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से परिचित कराना तथा सनातन परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है। जब विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं के लोग एक साथ मिलकर धार्मिक आयोजन में सहभागी बनते हैं, तो इससे सामाजिक सद्भाव और एकता को भी मजबूती मिलती है।

अशोक मोदी ने सूरत, गुजरात से पधारीं वर्षा सोनी एवं उनकी पूरी पार्टी, श्री सप्तदेव मंदिर महिला मंडल, ट्रस्ट परिवार, आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों, विभिन्न समाजों एवं सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने विशेष रूप से उन सभी माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं को धन्यवाद दिया, जिन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर मंगल पाठ को भव्यता प्रदान की और परिवार, समाज, नगर एवं देश की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए सामूहिक प्रार्थना की।

उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग एवं दादी जी की कृपा से श्री भादी अमावस्या उत्सव गरिमापूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने दादी जी से प्रार्थना की कि सभी परिवारों में सुख-शांति, समृद्धि एवं सौहार्द बना रहे और समाज एवं राष्ट्र निरंतर उन्नति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।

“श्री राणी सती दादी की जय” के जयघोष के साथ श्री भादी अमावस्या का यह भव्य एवं भक्तिमय उत्सव श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here