Home छत्तीसगढ़ एक दीया आशीर्वाद का… बेमेतरा में 1.5 लाख दीयों से जगमग होगा...

एक दीया आशीर्वाद का… बेमेतरा में 1.5 लाख दीयों से जगमग होगा विकसित भारत का संकल्प

7
0

 

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिलेवासियों से सहभागी बनने की अपील

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया, । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इसे जन-उत्सव के रूप में मनाने तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पूरे देश के साथ बेमेतरा जिले में भी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा।

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में अभियान की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहेगा। एक माह तक चलने वाले अभियान के दौरान जिले के सभी नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान के तहत स्वच्छता ही सेवा अभियान, रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर, ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत वृहद वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं अमृत सरोवरों की साफ-सफाई, नशामुक्त भारत एवं सुपोषण अभियान के साथ ही दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायता शिविर आयोजित किए जाएंगे।

कलेक्टर ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर होगा। इस दिन बेमेतरा जिले में ‘एक दीया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम के तहत करीब 1.5 लाख दीयों से बेमेतरा रोशन होगा। ऐतिहासिक बेसिक स्कूल मैदान, शिवनाथ नदी के तट, प्रमुख चौक-चौराहों, शासकीय कार्यालयों, स्कूल-कॉलेजों एवं धार्मिक स्थलों पर एक साथ दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा।

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिलेवासियों, जनप्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, कोटवारों, युवा मंडलों, व्यापारिक संगठनों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से अभियान में सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे सभी लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों में एक दीया आशीर्वाद के रूप में अवश्य जलाएं। यह दीया केवल रोशनी का प्रतीक नहीं, बल्कि विकसित भारत के सामूहिक संकल्प और जनभागीदारी की भावना का प्रतीक होगा।

जिला प्रशासन द्वारा अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here