भव्य पंडाल में विराजे भगवान गणेश, प्रतिदिन हो रही विधि-विधान से पूजा-अर्चना
थानखम्हरिया। नगर के वार्ड क्रमांक 4 में मारवाड़ी गणेश उत्सव समिति द्वारा पिछले 40 वर्षों से गणेश उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष भी समिति द्वारा आकर्षक साज-सज्जा के साथ भव्य पंडाल में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन भगवान गणेश के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं।
भगवान श्री गणेश की प्रतिमा थानोद से मंगाकर विधि-विधान के साथ स्थापित की गई है। आचार्य पंडित ईश्वर तिवारी द्वारा प्रतिदिन सुबह और शाम विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती कराई जा रही है। शाम की आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी समिति द्वारा की जाती है। रात्रि में आरती के पश्चात समिति के सदस्यों द्वारा भजन-कीर्तन किया जाता है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है।

समिति के सदस्यों ने बताया कि मारवाड़ी समाज अपने सांस्कृतिक मूल्यों, सामाजिक एकजुटता और धार्मिक आयोजनों को भव्य रूप से मनाने के लिए जाना जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पिछले चार दशकों से गणेश उत्सव का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।
आचार्य पंडित ईश्वर तिवारी ने बताया कि गणेश चतुर्थी के शुभ मुहूर्त में भगवान श्री गणेश की स्थापना एवं विधि-विधान से पूजा करने से जीवन में सुख-समृद्धि और मंगल की प्राप्ति होती है। पूजा के दौरान भगवान गणेश को दूर्वा, अक्षत एवं मोदक का भोग अर्पित करना चाहिए। हिंदू धर्म में भगवान श्री गणेश को बुद्धि, बल एवं विद्या का देवता माना गया है। बुधवार का दिन भी भगवान गणेश की आराधना के लिए विशेष माना जाता है।
आयोजन में निखिल अग्रवाल, लक्क्ष अग्रवाल, तिलक अग्रवाल, विनय अग्रवाल, वेदांत जोशी, यश अग्रवाल, समृद्ध अग्रवाल, तानिया अग्रवाल, प्राची जोशी, भूमि अग्रवाल, चेतना जोशी एवं पीयूष सिंघानिया सहित समिति के सदस्य सहयोग कर रहे हैं।




