20 हजार रुपए की सहायता से मिला संबल
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया।
छत्तीसगढ़ शासन के सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में श्रम विभाग बेमेतरा द्वारा संचालित मिनिमाता महतारी जतन योजना ग्राम टेमरी की हीरामती सोनवानी के लिए संबल बनी है। योजना के तहत उन्हें 20 हजार रुपए की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की गई।
ग्राम एवं पोस्ट टेमरी निवासी श्रीमती हीरामती सोनवानी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। संतान के जन्म के बाद नवजात शिशु के पोषण एवं स्वास्थ्य को लेकर वे चिंतित थीं। इसी दौरान उन्हें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं श्रम विभाग के मैदानी अमले से मिनिमाता महतारी जतन योजना की जानकारी मिली। उन्होंने योजना का लाभ लेने के लिए श्रम विभाग में आवेदन प्रस्तुत किया। विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से 20 हजार रुपए की सहायता राशि अंतरित की गई।
हीरामती सोनवानी ने कहा कि यह राशि उनके लिए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बच्चे के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के लिए बड़ा सहारा है। इससे बच्चे के पोषण, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि योजना से उनके परिवार को आर्थिक संबल मिला है।
हितग्राही हीरामती सोनवानी ने योजना का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचने से उन्हें कठिन परिस्थितियों में सहारा मिल रहा है। उन्होंने श्रम विभाग बेमेतरा के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया।




