Home छत्तीसगढ़ कलेक्टर के नेतृत्व में बाढ़ आपदा प्रबंधन सजग, प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर...

कलेक्टर के नेतृत्व में बाढ़ आपदा प्रबंधन सजग, प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर राहत कार्य जारी

3
0

 

भालेसर ईंटभट्ठा में फंसे मजदूर सुरक्षित निकाले गए, बगलेड़ी में 800 नागरिकों को राशन वितरित

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया, । जिले में लगातार दो दिनों से हो रही अत्यधिक बारिश के कारण बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के नेतृत्व में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं बाढ़ आपदा राहत प्रबंधन टीम पूरी सजगता और गंभीरता के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।

कलेक्टर के निर्देशन में राजस्व विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा संभावित बाढ़ प्रभावित तथा जलभराव वाले क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। प्रभावित नागरिकों के लिए राशन, पेयजल, सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था सहित आवश्यक जीवन रक्षक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

प्रमुख राहत एवं बचाव कार्य

ग्राम भालेसर स्थित ईंटभट्ठे में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। उनके लिए स्कूलों में अस्थायी रूप से ठहरने की व्यवस्था की गई है। साथ ही भोजन-पानी एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

ग्राम बगलेड़ी में भी बचाव एवं राहत के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां निवासरत करीब 800 नागरिकों को राशन वितरित किया गया है।

डोटू नाला में जलस्तर बढ़ने के कारण सावंतपुर का रास्ता अवरुद्ध होने पर अनुविभागीय अधिकारी साजा द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर कोटवार एवं पटवारी की ड्यूटी लगाई गई है। लोक निर्माण विभाग एवं पुलिस प्रशासन को भी सूचना दी गई है। वहीं समोदा नाला में बैरिकेडिंग कराई गई है।

तहसील देवकर अंतर्गत ग्राम बासिन का संपर्क अन्य ग्रामों से टूट गया है। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को जलभराव वाले रास्तों से आवागमन नहीं करने तथा सावधानी बरतने के लिए सचेत किया गया है।

जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ एवं जलभराव की दृष्टि से संभावित सभी चिन्हांकित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन के अनुसार वर्तमान में कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं हुई है।

कलेक्टर ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिलेवासियों से लगातार हो रही बारिश को देखते हुए अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से सजग एवं सतर्क रहने, जलभराव एवं बाढ़ संभावित क्षेत्रों में खतरा मोल नहीं लेने तथा जिला प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आवश्यकता अथवा मदद की स्थिति में प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here