तहसीलदार आशुतोष गुप्ता ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। जिले में लगातार हो रही अत्यधिक वर्षा के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। कई स्थानों पर जलस्तर बढ़ने से मार्ग प्रभावित हुए हैं और सुरक्षा की दृष्टि से कुछ मार्गों पर आवागमन बंद किया गया है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की टीम पूरी सजगता और गंभीरता के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देश एवं अनुभागीय अधिकारी राजस्व साजा के मार्गदर्शन में तहसीलदार आशुतोष गुप्ता सहित प्रशासनिक अमला जलभराव वाले क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर रहा है। प्रभावित नागरिकों को राशन, सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था सहित आवश्यक जीवनरक्षक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
नगर के थान खम्हरिया-सिल्हाटी मार्ग एवं साजा मार्ग पर भी बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी रही। कई वर्षों बाद हुई इस तरह की अत्यधिक वर्षा के कारण नदी-नाले उफान पर रहे। जलस्तर देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार एवं बच्चों के साथ मौके पर पहुंचे। कई लोगों ने फोटो और सेल्फी भी ली। प्रशासन ने लोगों से ऐसे स्थानों पर अनावश्यक रूप से नहीं जाने तथा सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।
बगलेड़ी में 800 नागरिकों को राशन वितरित
ग्राम बगलेड़ी में राहत एवं बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां निवासरत लगभग 800 नागरिकों को राशन वितरित किया गया। जलस्तर बढ़ने के कारण सवादपुर का रास्ता बंद होने पर अनुभागीय अधिकारी साजा द्वारा मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया गया।
तहसीलदार ने पलेनी पहुंचकर लिया जायजा
थान खम्हरिया मार्ग पर नकटा नाला, बगलेड़ी एवं पलेनी क्षेत्र सहित आसपास के नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने की स्थिति बनी हुई है। तहसीलदार आशुतोष गुप्ता ने ग्राम पलेनी पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने सरपंच, ग्राम पटेल एवं ग्रामवासियों से चर्चा कर सावधानी बरतने का आह्वान किया।
प्रशासन की ओर से ग्रामीणों एवं वाहन चालकों से बेरिकेडिंग एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करने तथा जलभराव वाले मार्गों, पुल-पुलियों एवं नदी-नालों को पार करने का जोखिम नहीं उठाने की अपील की गई है।
प्रशासन के अनुसार अब तक कहीं भी जनहानि या अन्य बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। प्रशासन एवं पुलिस की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।




