Home छत्तीसगढ़ घुमंतू पशुओं से लोग परेशान, स्थायी समाधान की मांग

घुमंतू पशुओं से लोग परेशान, स्थायी समाधान की मांग

8
0

नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों पर घूम रहे सैकड़ों गोवंश, गौठानों की व्यवस्था पर भी उठे सवाल

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया। नगर पंचायत थान खम्हरिया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में घुमंतू एवं निराश्रित गोवंश की बढ़ती संख्या से नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर की सड़कों, गलियों, बाजार एवं सब्जी मंडी में बड़ी संख्या में गायें घूमती नजर आ रही हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी चारे की कमी और बारिश के कारण पशुओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

नगर में जगह-जगह कचरे के ढेर के आसपास गोवंश भोजन की तलाश में मंडराते रहते हैं। सब्जी मंडी में भी दुकानदारों को अपनी दुकानों के सामने से गायों को भगाने के लिए डंडा रखना पड़ रहा है। सड़कों पर पशुओं के बैठे रहने से आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई पशुपालक गायों को रखने के बजाय उन्हें खुले में छोड़ देते हैं, जिसके कारण दिनभर पशु इधर-उधर घूमते रहते हैं। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी करीब सैकड़ों की संख्या में गोवंश नगर क्षेत्र में छोड़े जाने की जानकारी सामने आई है, जिससे समस्या और बढ़ गई है।

गौठानों की व्यवस्था पर भी सवाल

गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए शासन द्वारा गौठान बनाए गए हैं, लेकिन कई स्थानों पर इनके संचालन एवं रखरखाव की व्यवस्था सुचारू नहीं होने की शिकायत सामने आ रही है। लगातार बारिश के कारण गौठानों की स्थिति भी प्रभावित हुई है। वहीं कुछ स्थानों पर गौठान की भूमि पर अतिक्रमण होने की बात भी सामने आई है। इसके चलते गोवंश को रखने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

नगर में निराश्रित एवं मृत गोवंश के निपटारे की समस्या भी बनी हुई है। वर्तमान में नगर पंचायत द्वारा जेसीबी से रावण भाटा तालाब के पास गड्ढा खोदकर मृत पशुओं को दफनाने की व्यवस्था की जा रही है।

एक माह से भूमि की तलाश

जानकारी के अनुसार प्रशासन द्वारा गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए करीब एक माह से भूमि की तलाश की जा रही है। नागरिकों का कहना है कि जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं होती, तब तक नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में घुमंतू पशुओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए।

तहसीलदार ने कहा- प्रतिवेदन मंगाया गया

इस संबंध में तहसीलदार आशुतोष गुप्ता ने बताया कि गौठान की भूमि के संबंध में प्रतिवेदन मंगाया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ लोगों द्वारा गौठान की भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की बात सामने आई है। प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान किए जाने की बात कही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here