Home छत्तीसगढ़ मैरिज ब्यूरो के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायतें, फर्जी फोटो दिखाकर रिश्ते...

मैरिज ब्यूरो के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायतें, फर्जी फोटो दिखाकर रिश्ते का झांसा देने का आरोप

5
0

रजिस्ट्रेशन के नाम पर 5 से 10 हजार रुपए लेने के बाद फोन नहीं उठाने की शिकायत, सामाजिक स्तर पर लोगों को सजग रहने की जरूरत

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया। नगर एवं आसपास के क्षेत्र में मैरिज ब्यूरो के नाम पर रिश्ते कराने के लिए संपर्क करने वाले लोगों को कथित रूप से ठगी का शिकार बनाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। नगर के कुछ सामाजिक एवं जागरूक लोगों ने बताया कि रायपुर सहित अन्य शहरों में संचालित कुछ मैरिज ब्यूरो द्वारा लड़के वालों से विवाह योग्य युवतियों की फोटो और बायोडाटा दिखाकर रिश्ते की बातचीत शुरू की जाती है। इसके बाद रजिस्ट्रेशन अथवा अन्य प्रक्रिया के नाम पर 5 से 10 हजार रुपए तक जमा कराने के बाद संपर्क नहीं किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

लोगों के अनुसार, कई बार मैरिज ब्यूरो संचालक लंबे समय तक बातचीत कर परिवार का विश्वास हासिल करते हैं। इसके बाद रजिस्ट्रेशन शुल्क या अन्य राशि जमा कराने के पश्चात फोन उठाना बंद कर देते हैं। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि मैरिज ब्यूरो संचालक समाज की पुस्तिकाओं एवं उपलब्ध संपर्क सूचियों के आधार पर लगातार परिवारों से फोन पर संपर्क करते रहते हैं।

पुराने बायोडाटा का इस्तेमाल करने की भी शिकायत

सामाजिक लोगों के अनुसार कुछ मामलों में ऐसे बायोडाटा का भी इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है, जिनमें संबंधित युवक-युवती का विवाह पहले ही हो चुका है या उनका रिश्ता कहीं और तय हो चुका है। इसके बावजूद पुराने बायोडाटा को अपने रिकॉर्ड में रखकर परिवारों से संपर्क किए जाने की शिकायतें बताई गई हैं। इससे रिश्ता तलाशने वाले परिवारों को गलत जानकारी मिलने की आशंका बनी रहती है।

विशेष रूप से अग्रवाल समाज के कुछ परिवारों द्वारा ऐसी शिकायतें सामने आने की बात कही गई है। सामाजिक स्तर पर रिश्ते तय करने की पुरानी व्यवस्था कमजोर होने के कारण कई परिवार मजबूरी में मैरिज ब्यूरो का सहारा लेते हैं। इसी स्थिति का फायदा उठाकर कुछ लोग विवाह का सपना दिखाकर आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचा सकते हैं।

शिकायत नहीं करने से बढ़ती है समस्या

सामाजिक लोगों का कहना है कि कई परिवार बदनामी, सामाजिक चर्चा या उपहास के डर से ठगी की घटना सामने आने के बाद भी पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराते। यही कारण है कि ऐसे मामलों की वास्तविक संख्या सामने नहीं आ पाती। लोगों के अनुसार रायपुर सहित अन्य स्थानों पर पूर्व में भी विवाह के नाम पर ठगी करने वाले मैरिज ब्यूरो के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की खबरें सामने आती रही हैं।

समाज स्तर पर जागरूकता की जरूरत

बुजुर्गों के समय में समाज के वरिष्ठ लोग परिवारों के बीच संबंध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे। वर्तमान समय में यह सामाजिक व्यवस्था कमजोर होने के कारण परिवारों को निजी मैरिज ब्यूरो की ओर जाना पड़ रहा है। ऐसे में सामाजिक संगठनों को भी रिश्तों के लिए विश्वसनीय व्यवस्था विकसित करने की दिशा में पहल करनी चाहिए।

सामाजिक लोगों ने अपील की है कि किसी भी मैरिज ब्यूरो में पंजीयन कराने से पहले संस्था की विश्वसनीयता, कार्यालय, संचालक, पंजीयन प्रक्रिया और उपलब्ध रिश्तों की वास्तविकता की जांच अवश्य करें। किसी भी प्रकार की राशि जमा करने से पहले रसीद एवं लिखित दस्तावेज लेना चाहिए। साथ ही यदि धोखाधड़ी की आशंका हो तो परिवार को चुप रहने के बजाय संबंधित पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here