कचना विधानसभा मोहल्ला समिति द्वारा आयोजित अग्रसेन जयंती महोत्सव के समस्त कार्यक्रम 3 एवं 4 अक्टूबर को रिंग रोड नंबर-3 स्थित रोज बे (Rose Bay) रिसॉर्ट में हर्षोल्लास, उमंग और रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ भव्य रूप से संपन्न हुए। कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों के सदस्यों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मसालों से बुके बनाने की अनूठी एवं रचनात्मक प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता की मुख्य प्रभारी स्वाति जैन के कुशल मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न मसालों का रचनात्मक उपयोग करते हुए बेहद आकर्षक और मनमोहक बुके तैयार किए। यह अनोखा प्रयोग उपस्थित समाजजनों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा और सभी ने इसकी खूब सराहना की।
वहीं अग्रवाल महिला एवं युवती मंडल कचना विधानसभा मोहल्ला समिति की संयोजिका मिरु हरलालका के सफल नेतृत्व में महिलाओं एवं युवतियों के लिए अनेक रंगारंग, मनोरंजक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। उनकी सक्रिय भूमिका और कुशल नेतृत्व ने पूरे आयोजन को विशेष ऊंचाई प्रदान की।

कार्यक्रम के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए समाज के सभी सदस्यों ने मिरु हरलालका एवं संयोजक अशोक गोयल की मुक्तकंठ से सराहना की। समाजजनों ने कहा कि दोनों के समर्पण, परिश्रम, कुशल नेतृत्व और टीम भावना के कारण इतना भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार आयोजन संभव हो पाया।
समर्पण और नेतृत्व को समाज का साधुवाद
समाजजनों ने कहा कि अशोक गोयल एवं मिरु हरलालका ने केवल आयोजन की जिम्मेदारी नहीं निभाई, बल्कि उसे अपना सामाजिक दायित्व मानकर पूरे समर्पण के साथ कार्य किया। उनकी मेहनत, निरंतर सक्रियता और सभी को साथ लेकर चलने की भावना ने कार्यक्रम को नई ऊर्जा प्रदान की।
विशेष रूप से महिलाओं, युवतियों और बच्चों को कार्यक्रम से जोड़कर उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना इस आयोजन की बड़ी सफलता रही। समाज के सदस्यों ने दोनों के उत्कृष्ट प्रयासों के लिए हृदय से साधुवाद एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि ऐसे समर्पित प्रयासों से ही समाज में एकता, सहभागिता और संगठन की भावना मजबूत होती है।
महाराजा अग्रसेन के सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता के संदेश को साकार करते हुए 3 एवं 4 अक्टूबर का यह आयोजन सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।



