Home छत्तीसगढ़ मारवाड़ी दुर्गा उत्सव समिति 30 वर्षों से कर रही मां दुर्गा की...

मारवाड़ी दुर्गा उत्सव समिति 30 वर्षों से कर रही मां दुर्गा की स्थापना

47
0

 

गोल बाजार में जगन्नाथ धाम और अयोध्या मंदिर की तर्ज पर सजाई गई आकर्षक झांकी

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया। नगर में शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर मारवाड़ी दुर्गा उत्सव समिति द्वारा पिछले 30 वर्षों से लगातार गोल बाजार, वार्ड क्रमांक 4 में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। समिति का यह लंबा सफर समाज की गहरी आस्था, एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति समर्पण का प्रतीक है। समिति द्वारा प्रतिवर्ष जनसहयोग से दुर्गोत्सव का आयोजन किया जाता है और हर साल नए स्वरूप में आकर्षक प्रतिमा एवं झांकियां तैयार की जाती हैं।

इस वर्ष भी समिति द्वारा भव्य पंडाल सजाया गया है। पंडाल में भगवान जगन्नाथ से संबंधित मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया गया है, वहीं अंदर अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर आकर्षक झांकी स्थापित की गई है। नवरात्रि के नौ दिनों तक यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना, अनुष्ठान और आरती का आयोजन किया जा रहा है। रात्रि में सेवा गीत एवं भजन-कीर्तन से भक्तिमय वातावरण बना रहता है। अष्टमी और नवमी पर विशेष अनुष्ठान, हवन एवं कन्या भोज का आयोजन किया जाता है।

इस वर्ष मुख्य यजमान अतुल केडिया एवं प्रगति केडिया द्वारा विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न कराई जा रही है। समिति प्रमुख सुरेश सिंघानिया (एसएस ज्वेलर्स), विष्णु जोशी एवं निखिल अग्रवाल ने बताया कि प्रतिवर्ष मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर उत्सव मनाने की परंपरा निरंतर जारी है। यह आयोजन नगरवासियों के सहयोग और सहभागिता से संपन्न होता है।

इसी क्रम में नगर के गांधी चौक के समीप मल्लू चौक पर महारानी दुर्गा उत्सव समिति द्वारा भी मां दुर्गा की सुंदर प्रतिमा स्थापित कर आकर्षक झांकी सजाई गई है। यहां मुख्य यजमान शिवेंद्र शपथनीक प्रीति बिंदल द्वारा पूजा-अर्चना कराई जा रही है। समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से नगर और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा शांति की कामना की है।

नवरात्रि के दौरान नगर के विभिन्न दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भक्ति, आस्था और उत्साह के साथ मनाया जा रहा यह पर्व नगर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए हुए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here