Home छत्तीसगढ़ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में नवरात्रि मेले के दौरान शुद्ध पेयजल आपूर्ति...

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में नवरात्रि मेले के दौरान शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने विशेष अभियान

7
0

 

रेलवे के सभी 280 स्टेशनों एवं प्रमुख परिसरों में पेयजल स्रोतों की सघन जांच और निगरानी

बिलासपुर,

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा नवरात्रि मेले के दौरान यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से व्यापक जांच एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश के मार्गदर्शन तथा प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. देवेश कुमार के नेतृत्व में संचालित इस विशेष अभियान के अंतर्गत रेलवे के सभी स्टेशनों एवं प्रमुख परिसरों में पेयजल की गुणवत्ता, उपलब्धता, स्वच्छता और रखरखाव व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. देवेश कुमार एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मंगला नारायण के निर्देशन में पेयजल की गुणवत्ता की व्यापक जांच की जा रही है । स्वास्थ्य निरीक्षक द्वारा मौके पर ही पेयजल में अवशिष्ट क्लोरीन (Residual Chlorine) एवं कुल घुलित ठोस पदार्थों (TDS) की जांच की गई। साथ ही, जीवाणु एवं रासायनिक परीक्षण के लिए पेयजल के नमूने भी संकलित किए जा रहे है ।

 

इस अभियान के अंतर्गत नवरात्रि मेले के प्रमुख स्टेशन डोंगरगढ़ सहित विभिन्न स्टेशनों पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, खाद्य संरक्षा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा अन्य संबंधित विभागों के निरीक्षकों के समन्वय से निर्धारित स्थलों का निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान पेयजल की उपलब्धता, गुणवत्ता एवं वितरण व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सभी 280 स्टेशनों के साथ रेलवे कॉलोनियों, अस्पतालों, कार्यालयों एवं अन्य प्रमुख परिसरों में उपलब्ध प्रत्येक पेयजल स्रोत को इस अभियान में शामिल किया गया है। इसके अंतर्गत नल, वाटर कूलर, वाटर बूथ, वाटर फिल्टर सहित विभिन्न पेयजल सुविधाओं का निरीक्षण एवं नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि यात्रियों, रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

पेयजल के नमूनों की जांच के दौरान जहां भी निर्धारित मानकों के अनुरूप सुधार की आवश्यकता पाई जाती है, वहां संबंधित पेयजल स्रोतों में आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाती है। इसके पश्चात पुनः नमूने लेकर जांच की जाती है, ताकि पेयजल में अवशिष्ट क्लोरीन की निर्धारित मात्रा बनाए रखने सहित गुणवत्ता संबंधी मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।

अभियान के दौरान सभी पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई, स्वच्छता एवं रखरखाव व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। इसके साथ ही जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पेयजल गुणवत्ता की निगरानी के साथ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया जा रहा है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा संचालित यह विशेष अभियान नवरात्रि मेले के दौरान यात्रियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने तथा रेलवे परिसरों में बेहतर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। रेलवे प्रशासन द्वारा सभी निर्धारित स्थलों पर पेयजल की गुणवत्ता की सघन निगरानी करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों, रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल तथा स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here