ग्राम देव पूजन, निशान यात्रा, रावण दहन व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा
थान खमरिया। नगर में दशहरा पर्व हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाने की तैयारियों को लेकर नगर पंचायत परिसर में बैठक आयोजित की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता चंदन अग्रवाल, उपाध्यक्ष शरद कुम्भकार एवं समस्त वार्ड पार्षदों की उपस्थिति में दशहरा उत्सव के आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ग्राम देवी-देवताओं के पूजन, निशान शोभायात्रा, रावण दहन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई। विशाल रावण दहन, आकर्षक आतिशबाजी, आवागमन की सुचारु व्यवस्था तथा रावण दहन स्थल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान जी की झांकी निकालने तथा नगर के स्थानीय राधा-कृष्ण जमात मंदिर से निशान यात्रा एवं अखाड़ा निकालने सहित अन्य तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है दशहरा
दशहरा उत्सव समिति के सदस्य आशीष राज सिंघानिया ने बताया कि हिंदू आस्था के अनुसार दशहरा पर्व सत्य की असत्य पर तथा अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है। देशभर में यह पर्व विभिन्न परंपराओं एवं रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है। थान खमरिया नगर में भी दशहरा पर्व पिछले कई दशकों से पारंपरिक उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया जाता रहा है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष आयोजन में विशेष आकर्षण के रूप में रात आठ बजे से देश के ख्यातिलब्ध कवियों की उपस्थिति में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन तथा सुप्रसिद्ध गायक नितिन दुबे की सुपरस्टार नाइट का आयोजन किया जाएगा। दशहरा उत्सव देखने के लिए नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए आयोजन को व्यवस्थित बनाने, दर्शकों की सुविधाओं तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सुचारु संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सुरक्षा, शांति एवं समन्वय बनाए रखने के लिए सौ से अधिक स्वयंसेवक स्थानीय प्रशासन को सहयोग प्रदान करेंगे।
जनप्रतिनिधि, पुलिस प्रशासन एवं नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी रहे उपस्थित
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि चंदन अग्रवाल, एल्डरमैन अनिल सिंघानिया, रोहित राजपूत एवं बलराम निषाद, पार्षद वीरेंद्र सिन्हा, करीम बेग, सूरज पाल, नेहा जितेंद्र सिन्हा, मनीष रात्रे, टीकम अग्रवाल, प्रवेश नेताम, नेहा भैयाराम लहरे एवं अनीश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा ग्राम पटेल करण सिंह भुवाल, थाना प्रभारी सत्यदेव उपाध्याय, उप निरीक्षक कल्पना महंत, आरक्षक सुरेंद्र तिवारी, अशरफी खान, सुशीला ध्रुव सहित पुलिस स्टाफ तथा नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में सभी ने दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।




