ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खमरिया। नगर में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर विराजित मां दुर्गा के विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसी कड़ी में इंडियन पब्लिक स्कूल के बच्चे शिक्षकों के साथ नगर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन करने पहुंचे। इस धार्मिक भ्रमण के दौरान बच्चों ने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और भक्ति भाव के साथ जयकारे लगाए।

विद्यालय के बच्चे सर्वप्रथम स्थानीय रामचंद्र सागरमल धर्मशाला में नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के दर्शन करने पहुंचे। यहां नवशक्ति स्वरूप में सुसज्जित माता रानी की मनमोहक प्रतिमा एवं रथ पर विराजित मां के दिव्य स्वरूप को देखकर बच्चे भावविभोर हो उठे। इसके बाद बच्चों ने दाऊ चौरा एवं शिव सरोवर में विराजित मां भवानी के दर्शन किए। तत्पश्चात वे मारवाड़ी दुर्गा उत्सव समिति द्वारा स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन करने पहुंचे।
मारवाड़ी दुर्गा उत्सव समिति के सदस्यों ने विद्यालय के शिक्षकों एवं बच्चों का स्वागत किया। इस अवसर पर विष्णु जोशी, एस.एस. ज्वैलर्स के सुरेश सिंघानिया एवं अनिल सिंघानिया सहित समिति के सदस्यों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। बच्चों को फल, प्रसाद एवं चॉकलेट वितरित किए गए। मां दुर्गा के जयकारों से पूजा परिसर भक्तिमय हो उठा और बच्चों के सामूहिक दर्शन से उत्सव का माहौल और भी आनंदमय बन गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रमुख महेंद्र सिंह परमार ने बताया कि नवरात्र के पावन अवसर पर बच्चों में धार्मिक भावना, भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों का विकास करने के उद्देश्य से इस धार्मिक भ्रमण का आयोजन किया गया। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी धार्मिक परंपराओं को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में समिति प्रमुख निखिल अग्रवाल, अतुल सिंघानिया, अमित केडिया (सहायक संचालक), श्रीमती उर्मिला वैष्णव (शिक्षिका), कुमारी देव गायत्री देवानंद, कुमारी निहारिका सिंह, कुमारी मुस्कान चंद्राकर, कुमारी सना अली, कुमारी मैनावती सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।




