विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया मरीजों का परीक्षण, हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं पर दी निःशुल्क चिकित्सा सलाह
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। नगर के रामजीलाल जगदीश प्रसाद भवन में अग्रवाल समाज एवं अग्रवाल महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में कुल 325 मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोगों को एक ही छत के नीचे विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था।
शिविर में हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित कनोई, डॉ. हर्षित गोयनका, डॉ. अंकित उमंग झा एवं डॉ. अमित अग्रवाल ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें उचित चिकित्सा परामर्श प्रदान किया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे मरीजों ने हड्डियों, जोड़ों, घुटनों एवं कूल्हों से संबंधित समस्याओं की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की।

डॉ. रोहित कनोई ने मरीजों को गठिया, घुटने एवं कूल्हे के दर्द, ज्वाइंट रिप्लेसमेंट, आर्थ्रोस्कोपी के माध्यम से घुटने एवं कंधे के उपचार तथा हड्डियों से संबंधित विभिन्न विकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मरीजों को आवश्यक सावधानियों एवं उचित उपचार के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
डॉ. अंकित उमंग झा ने कहा कि हड्डियों एवं जोड़ों के दर्द को लंबे समय तक नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने और उचित उपचार कराने से समस्याओं को गंभीर होने से रोकने में मदद मिलती है।
शिविर में मरीजों के लिए ब्लड प्रेशर (बीपी) एवं शुगर की जांच सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही डॉ. आर.पी. शर्मा द्वारा निःशुल्क एक्स-रे जांच की सुविधा प्रदान की गई। इन सुविधाओं से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र से पहुंचे मरीजों को लाभ मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा महाराजा अग्रसेन के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अग्रवाल समाज एवं महिला मंडल के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस शिविर को जनहित में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा गया।
शिविर को सफल बनाने में अग्रवाल समाज के पुरुषोत्तम अग्रवाल, अनिल सिंघानिया, हरि पचेरीवाल, गोपाल अग्रवाल, पवन अग्रवाल, विकास पचेरीवाल, प्रतीक सिंघानिया, आशीष बंसल, पंकज अग्रवाल, वंश अग्रवाल, शौरभ बिंदल, विजय अग्रवाल, अनीश अग्रवाल एवं शिव केडिया सहित अन्य सदस्यों का योगदान रहा।
महिला मंडल की ओर से पिंकी अग्रवाल, रीना सिंघानिया, एकिशा अग्रवाल, नीका सिंघानिया, मोनिका सिंघानिया, नेहा केडिया, श्रद्धा अग्रवाल, मोना अग्रवाल, श्वेता मुरारका, मनीषा मित्तल, सुनीता बंसल एवं श्रद्धा सिंघानिया सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। नगर पंचायत अध्यक्ष अनीता चंदन अग्रवाल सहित समाज के सदस्यों ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया।




