Home छत्तीसगढ़ बेरला की उत्सव डेयरी में औचक जांच, 150 लीटर अमानक दूध मौके...

बेरला की उत्सव डेयरी में औचक जांच, 150 लीटर अमानक दूध मौके पर कराया नष्ट

24
0

 

दीपावली को लेकर खाद्य विभाग का विशेष अभियान, मिठाई दुकानों और डेयरियों का हो रहा निरीक्षण

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया, 27 अक्टूबर। दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा तीन चरणों में विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बेरला स्थित उत्सव डेयरी में औचक निरीक्षण के दौरान अमानक पाए गए लगभग 150 लीटर दूध को मौके पर नियमानुसार नष्ट कराया गया।

खाद्य विभाग द्वारा त्योहारी सीजन में मिलावट और अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में पनीर, साबूदाना, सेवई, खाद्य तेल, बिस्किट, मसाले और मिठाइयों के कुल 12 नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। इन नमूनों को खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है, जहां उनकी गुणवत्ता की जांच की जाएगी।

होटल, ढाबों और मिठाई दुकानों पर भी नजर

विभागीय टीम द्वारा होटल, ढाबा, डेयरी और मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, जांच में अमानक पाए गए खाद्य पदार्थों से संबंधित प्रकरण माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए जा रहे हैं। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

खाद्य कारोबारियों को दिए आवश्यक निर्देश

खाद्य विभाग ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षित तरीके से खाद्य सामग्री तैयार करने एवं परोसने के निर्देश दिए हैं। खाद्य पदार्थों को अखबारी कागज में लपेटने या परोसने पर प्रतिबंध संबंधी नियमों का पालन करने, हैंड ग्लव्स और हेड कवर का उपयोग करने तथा खाद्य सामग्री को स्वच्छ परिस्थितियों में संभालने को कहा गया है। मिठाइयों में केवल एफएसएसएआई द्वारा अनुमत खाद्य रंगों का उपयोग करने और मिठाइयों को ढककर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मिठाई खरीदते समय निर्माण और अवसान तिथि जांचें

खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू कुर्रे ने आमजन से अपील की है कि दीपावली पर मिठाइयां खरीदते समय उनकी निर्माण तिथि और अवसान तिथि की जानकारी संबंधित खाद्य कारोबारी से अवश्य प्राप्त करें। उपभोक्ता खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता दिखाई देने पर संबंधित विभाग को सूचित करें।

यह संपूर्ण कार्रवाई अभिहित अधिकारी आशीष कुमार यादव, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू कुर्रे और नमूना सहायक की टीम द्वारा की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here